1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. आम आदमी पार्टी का दिल्ली पुलिस पर आरोप, कहा केजरीवाल को नजरबंद किया, पुलिस का इनकार

आम आदमी पार्टी का दिल्ली पुलिस पर आरोप, कहा केजरीवाल को नजरबंद किया, पुलिस का इनकार

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 08, 2020 11:34 am IST,  Updated : Dec 08, 2020 11:49 am IST

दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी के इस आरोप से इनकार किया है। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि आम आदमी पार्टी का बयान पूरी तरह गलत है और अरविंद केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री होने के नाते कहीं भी आने जाने के लिए स्वतंत्र हैं।

दिल्ली पुलिस ने कहा है...- India TV Hindi
दिल्ली पुलिस ने कहा है कि आम आदमी पार्टी ने अरविंद केजरीवाल के नजरबंद होने को लेकर जो बयान दिया है वह पूरी तरह गलत है Image Source : PTI

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि दिल्ली पुलिस ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल को नजरबंद किया हुआ है। आम आदमी पार्टी का आरोप है कि केजरीवाल जब से सिंघू  बॉर्डर से लौटे हैं तब से दिल्ली पुलिस ने उन्हें उनके निवास पर नजरबंद करके रखा हुआ है और किसी को भी उनसे मिलने की अनुमति नहीं दी गई है। आम आदमी पार्टी ने अपने ट्विटर हेंडल से यह आरोप  लगाया है। 

हालांकि दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी के इस आरोप से इनकार किया है। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि आम आदमी पार्टी का बयान पूरी तरह गलत है और अरविंद केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री होने के नाते कहीं भी आने जाने के लिए स्वतंत्र हैं। अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को सिंघू बॉर्डर का दौरा किया था और वहां किसान कानून का विरोध कर रहे किसानों के बीच पहुंचे थे। केजरीवाल ने कहा था कि आम आदमी पार्टी पूरी तरह से किसानों के भारत बंद का समर्थन करती है। 

नए किसान कानूनों के विरोध में आज किसानों ने भारत बंद का आहवान किया हुआ है और अरविंद केजरीवाल की पार्टी के साथ कई विपक्षी दल इस बंद का समर्थन कर रहे हैं। हालांकि बंद का मिलाजुला असर देखने को मिल रहा है, देश में कुछ जगहों पर बंद की वजह से दुकाने बंद हैं तथा सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है, लेकिन अधिकतर जगहों पर जनजीवन सामान्य चल रहा है। अरविंद केजरीवाल सोमवार को सिंघू बॉर्डर गए थे और वहां पर प्रदर्शन कर रहे किसानों के बीच जाकर बंद के समर्थन की बात कही थी। 

हालांकि किसानों ने अपने प्रदर्शन में किसी भी राजनीतिक दल को अनुमति नहीं दी है लेकिन फिर भी कई राजनीतिक दलों के नेता किसानों के बीच जाकर उन्हें समर्थन दे रहे हैं। केंद्र सरकार आरोप लगा रही है कि राजनीतिक दलों के नेता किसानों के कंधे पर बंदूक रखकर अपने हित साध रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया है कि आम आदमी पार्टी केजरीवाल को लेकर झूठ बोल रही है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।