1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. 'AAP विधायक को दिल्ली पुलिस के 20 जवानों ने सादी वर्दी में घर से उठाया, कहां ले गए कुछ पता नहीं', पार्टी का बड़ा दावा

'AAP विधायक को दिल्ली पुलिस के 20 जवानों ने सादी वर्दी में घर से उठाया, कहां ले गए कुछ पता नहीं', पार्टी का बड़ा दावा

 Reported By: Anamika Gaur Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Aug 18, 2026 09:07 am IST,  Updated : Aug 18, 2026 09:18 am IST

आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि विधायक कुलदीप कुमार को उनका फोन भी नहीं ले जाने दिया गया। उनके परिजनों को भी नहीं बताया गया कि कुलदीप कुमार को कहां लेकर जा रहे हैं।

आप विधायक कुलदीप कुमार- India TV Hindi
आप विधायक कुलदीप कुमार Image Source : X/KULDEEPKUMARAAP

आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि दिल्ली में एक दलित सफाई कर्मचारी की चाकू मारकर हत्या के मामले में न्याय और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे पार्टी विधायक कुलदीप कुमार को दिल्ली पुलिस सादा कपड़ों में उनके घर से अपने साथ ले गई। पार्टी ने दावा किया कि दिल्ली पुलिस आप विधायक को कहां लेकर गई है, अभी कुछ पता नहीं चला है।

20 पुलिसकर्मी सादी वर्दी में आए और विधायक को ले गए

आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दावा किया कि मंगलवार तड़के करीब 4 बजे करीब 20 पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में विधायक कुलदीप कुमार के घर पहुंचे और उन्हें अपने साथ उठा ले गए। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक को एक अज्ञात स्थान पर ले जाया गया है।

सफाई कर्मचारी की चाकू मारकर हुई थी हत्या

कुलदीप कुमार की टीम की ओर से जारी बयान में कहा गया कि दिल्ली में सफाई कर्मचारी अनिल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि विधायक पिछले दो दिनों से पीड़ित परिवार के लिए न्याय और मुआवजे की मांग उठा रहे थे तथा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से परिवार की मुलाकात कराने की मांग कर रहे थे।

फोन भी साथ ले जाने की अनुमति नहीं

बयान में यह भी आरोप लगाया गया कि विधायक के परिवार को नहीं बताया गया कि पुलिस उन्हें कहां लेकर गई है और उन्हें अपना फोन भी साथ ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। टीम ने यह भी दावा किया कि मृतक सफाई कर्मचारी के परिवार के लोगों को डराया-धमकाया जा रहा है और उनकी मर्जी के बिना शव का अंतिम संस्कार कराने का प्रयास किया जा रहा है।

हालांकि, इन आरोपों पर दिल्ली पुलिस या सरकार की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

आज सुबह बड़े धरने का था ऐलान

बता दें कि कुलदीप कुमार सोमवार से लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में कुछ लोगों के साथ धरना दे रहे थे। सफाई कर्मी की मौत के चलते आज सुबह 9:00 बजे बड़े धरने की कॉल थी। उन्होंने एक वीडियो संदेश भी जारी किया था।

आज होने वाले धरना प्रदर्शन से पहले आम आदमी पार्टी का कहना है कि कुलदीप कुमार को दिल्ली पुलिस ने घर से डिटेन कर लिया है। वो कहां है किसी को कोई जानकारी नहीं है।

ये भी पढ़ें: 

पुलिस के DCP के घर चोरी करने वाला गिरफ्तार, हीरे की अंगूठी, आईफोन और कैश बरामद

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।