1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. वाहनों पर बैन, पार्किंग चार्ज भी बढ़ा, ऑफिस का बदला समय, जानिए बढ़ते प्रदूषण को लेकर दिल्ली में क्या-क्या हुआ बदलाव?

वाहनों पर बैन, पार्किंग चार्ज भी बढ़ा, ऑफिस का बदला समय, जानिए बढ़ते प्रदूषण को लेकर दिल्ली में क्या-क्या हुआ बदलाव?

 Published : Nov 08, 2025 04:25 pm IST,  Updated : Nov 08, 2025 04:34 pm IST

दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर कई बदलाव किए गए हैं। दिल्ली के सरकारी ऑफिस के टाइमिंग में बदलाव किया गया है। सरकारी पार्किंग दरों को भी बढ़ा दिया गया है।

दिल्ली में बढ़ा प्रदूषण- India TV Hindi
दिल्ली में बढ़ा प्रदूषण Image Source : PTI

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 'बहुत खराब श्रेणी' में बनी हुई है। लोगों को सांस लेने में तकलीफ हो रही है। सरकार ने बिगड़ती स्थिति से निपटने के लिए प्रदूषण-रोधी उपाय शुरू किए हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPSB) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी में एक्यूआई 'बहुत खराब' श्रेणी में दर्ज किया गया। दिल्ली का एवरेज AQI शनिवार सुबह 8 बजे 355 आंका गया। वहीं, शनिवार दोपहर 3 बजे तक, दिल्ली के बवाना में AQI सबसे खराब 410 पर था।

जानिए किन वाहनों पर लगा बैन?

राजधानी में लगातार खराब वायु गुणवत्ता के कारण सरकार ने प्रदूषण से निपटने के लिए कुछ उपाय किए हैं। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के आदेशानुसार, 1 नवंबर से दिल्ली में सभी गैर-दिल्ली पंजीकृत बीएस-III और निम्न मानक वाले कमर्सियल माल वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

दिल्ली में प्रवेश की नहीं दी जाएगी अनुमति

आयोग ने एक बयान में कहा कि इस कदम का उद्देश्य वाहनों से होने वाले उत्सर्जन को कम करना तथा राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता में सुधार लाना है। आदेश के अनुसार, बीएस-IV मानकों को पूरा न करने वाले गैर-दिल्ली-पंजीकृत हल्के माल वाहन (LGV), मध्यम माल वाहन (MHV) और भारी माल वाहन (HGV) को दिल्ली में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

सड़कों पर न बढ़े वाहनों का दबाव

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि एहतियात के तौर पर दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम के ऑफिस के काम के घंटे बदले जा रहे हैं। ऐसा यह सुनिश्चित करने के लिए किया गया है कि राजधानी की सड़कों पर वाहनों का दबाव एकदम से न बढ़े और समान रूप से यातायात चलता रहे। 

जानिए अब क्या है नया ऑफिस टाइमिंग

वर्तमान में, दिल्ली सरकार के कार्यालयों का समय सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक है, जबकि दिल्ली नगर निगम सुबह 9:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक काम करता है। केवल आधे घंटे के अंतराल के कारण सुबह और शाम दोनों समय भारी यातायात और भीड़भाड़ रहती है। दिल्ली सरकार के ऑफिस सुबह 10:00 बजे से शाम 6:30 बजे तक खुलेंगे। वहीं MCD ऑफिसों का समय 8:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक तय किया गया है। यह बदलाव 15 नवंबर 2025 से लेकर 15 फरवरी 2026 तक यानी सर्दियों के पूरे सीजन के लिए लागू रहेगा।

सीएम ने लोगों से लिफ्ट लेने की अपील की

इस बीच, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी लोगों से लिफ्ट लेने का विकल्प चुनने और दूसरों के साथ यात्रा करने का आग्रह किया है ताकि उनके वाहनों से होने वाले उत्सर्जन को कम किया जा सके। मुख्यमंत्री ने मेट्रो जैसे सार्वजनिक परिवहन का अधिक बार उपयोग करने की भी सिफारिश की है। इसके साथ ही सीएम ने प्राइवेट कंपनियों से अपील की है कि वे राजधानी में खराब वायु गुणवत्ता को देखते हुए घर से काम करने की व्यवस्था को अधिक प्राथमिकता दें।

दिल्ली में सरकारी पार्किंग दर भी बढ़ाई गई

इस बीच, नई दिल्ली नगर निगम ने नई दिल्ली क्षेत्र में नगर निकाय द्वारा प्रबंधित स्थलों पर पार्किंग शुल्क दोगुना करने का भी आदेश दिया है। आदेश में कहा गया है कि पार्किंग शुल्क ग्रैप के दूसरे चरण के निरस्त होने तक मौजूदा शुल्क से दोगुना कर दिया गया है। हालांकि, आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह बढ़ोतरी सड़क पर पार्किंग या मासिक पास धारकों पर लागू नहीं होगी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।