1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के सभी मेट्रो स्टेशन खुले, पुलिस की अपील- 'सभी प्रदर्शनकारी अपने घर जाएं'

दिल्ली के सभी मेट्रो स्टेशन खुले, पुलिस की अपील- 'सभी प्रदर्शनकारी अपने घर जाएं'

 Reported By: Sanjay Sah Written By: Shakti Singh
 Published : Jul 25, 2026 04:24 pm IST,  Updated : Jul 25, 2026 07:26 pm IST

दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के चलते मेट्रो के 18 स्टेशन बंद किए गए थे। इसके साथ ही लोगों से अपील की गई थी कि बिना वजह दिल्ली में सड़क पर न निकलें।

Delhi Metro- India TV Hindi
दिल्ली मेट्रो मंडी हाउस स्टेशन Image Source : PTI

दिल्ली पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों से कहा है कि सभी मेट्रो स्टेशन खुल चुके हैं और प्रदर्शनकारी अपने-अपने जाएं। दिल्ली मेट्रो की तरफ से भी पुष्टि की गई है कि सभी मेट्रो स्टेशन आम लोगों की आवाजाही के लिए खोल दिए गए हैं। शुरुआत में सिर्फ राजीव चौक, सेंट्रल सेकेट्रिएट और मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन खोले जाने की जानकारी सामने आई थी, लेकिन बाद में सभी मेट्रो स्टेशन खोल दिए गए।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच लगातार चौथे दिन बंद करने का आदेश जारी किया था। स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस, लॉ एंड ऑर्डर, देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा, "हम अभी लोगों के हटने पर नजर रख रहे हैं। लोग पहले ही हटने लगे हैं। हम लोगों से शांत रहने और शांति से जाने की रिक्वेस्ट करते हैं। हम सभी से लॉ एंड ऑर्डर की कोई दिक्कत न पैदा करने की भी रिक्वेस्ट करते हैं। हम उनकी मदद करने के लिए यहां हैं, और हम सभी से शांति बनाए रखने की अपील करते हैं।"

ये स्टेशन हुए थे बंद

दिल्ली मेट्रो के अनुसार लोक कल्याण मार्ग, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम, झंडेवालान, नई दिल्ली, राजीव चौक, सेंट्रल सेकेट्रिएट और मंडी हाउस स्टेशन बंद किए गए थे। कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन के चलते पिछले कुछ दिनों से सेंट्रल दिल्ली में जंतर-मंतर के पास बड़ी भीड़ जमा हो रही थी। यहां सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए ये पाबंदियां लगाई गई थीं। सरकार ने लोगों से अपील की थी कि बेवजह बाहर न निकलें और सेंट्रल दिल्ली के इलाकों में जाने से बचें। इसके अलावा फूड डिलीवरी और ऑनलाइन कैब सेवा देने वाली कंपनियों से भी कहा गया था कि इन इलाकों में अपनी सेवाएं सीमित रखें।

शिक्षा मंत्री ने दिया इस्तीफा

धर्मेंद्र प्रधान ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि वह छात्र हित में यह कदम उठा रहे हैं, ताकि छात्र प्रदर्शन छोड़कर अपने घर जाएं और अपना करियर बनाने पर ध्यान दें। उन्होंने अपने एक्स हैंडल से शिक्षा मंत्री भी हटा दिया है। दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास, आशुतोष रांका और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, जितेंद्र सिंह के बीच बातचीत हुई।इस मीटिंग के खत्म होने के बाद शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की आधिकारिक पुष्टि हुई और सीजेपी ने अपना धरना प्रदर्शन खत्म करने का भी ऐलान किया। इसके बाद सभी प्रदर्शनकारी छात्रों ने जीत का जश्न मनाया और अपने घरों की तरफ लौटने लगे।

यह भी पढ़ें-

धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा देते हुए छात्रों और विपक्षी पार्टियों को लेकर क्या कहा?

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर सोनम वांगचुक ने Gen Z को बधाई दी, बोले-जवाबदेही से अब सुधार की ओर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।