1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. केजरीवाल का बड़ा ऐलान: दिल्ली में पुजारियों और ग्रंथियों को हर महीने मिलेंगे 18 हजार रुपये, कल से ही कर सकते हैं आवेदन

केजरीवाल का बड़ा ऐलान: दिल्ली में पुजारियों और ग्रंथियों को हर महीने मिलेंगे 18 हजार रुपये, कल से ही कर सकते हैं आवेदन

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Dec 30, 2024 10:27 am IST,  Updated : Dec 30, 2024 12:20 pm IST

अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में सभी पुजारियों और ग्रंथियों को हर महीने 18000 रुपये देने का ऐलान किया है। पुजारी और ग्रंथी सम्मान योजना के तहत कल (31 दिसंबर) से ही आवेदन किया जा सकता है।

Arvind Kejriwal- India TV Hindi
अरविंद केजरीवाल Image Source : PTI

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 से पहले पुजारी और ग्रंथी सम्मान योजना का ऐलान का ऐलान किया है। इस योजना के तहत दिल्ली के सभी पुजारियों और ग्रंथियों को हर महीने 18000 रुपये दिए जाएंगे। खास बात यह है कि इस योजना के तहत मंगलवार (31 दिसंबर) से ही आवेदन किया जा सकता है। दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले यह आम आदमी पार्टी की तीसरी बड़ी योजना है। इससे पहले आम आदमी पार्टी  के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल महिला सम्मान योजना और संजीवनी योजना का ऐलान कर चुके हैं। 

 

महिला सम्मान योजना के तहत दिल्ली में 18 साल से ऊपर की पात्र महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये दिए जाएंगे। वहीं, 2025 में भी आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर यह राशि बढ़ाकर 2100 रुपये कर दी जाएगी। संजीवनी योजना के तहत दिल्ली में 60 साल से ज्यादा उम्र के लोगों के इलाज का खर्च सरकार उठाएगी। केजरीवाल ने सोमवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा था कि वह दोपहर 12 बजे बड़ी घोषणा करेंगे, जिससे दिल्ली के लोग बहुत खुश होंगे। 

दिल्ली में विधानसभा चुनाव अगले साल फरवरी के महीने में हो सकते हैं। ऐसे में आम आदमी पार्टी पहले ही चुनावी मोड में आ चुकी है। दिल्ली की सभी 70 सीटों पर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों का ऐलान हो चुका है। पार्टी ने उन नेताओं का टिकट भी काटा है, जिनके खिलाफ विरोध के स्वर उठ रहे थे। एक नेता ने तो खुद ही चुनाव लड़ने से मना कर दिया, क्योंकि मुस्लिम समुदाय के लोग उनका विरोध कर रहे थे।

महिला सम्मान योजना और संजीवनी योजना का ऐलान कर चुके हैं केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल इससे पहले दिल्ली के लोगों के लिए महिला सम्मान योजना और संजीवनी योजना का ऐलान कर चुके हैं। इसके लिए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रजिस्ट्रेशन भी शुरू कर दिया है। हालांकि, महिला सम्मान योजना विवादों में फंस गई है। दिल्ली के अफसरों ने अखबार में विज्ञापन जारी कर बताया था कि सरकार ने ऐसी किसी योजना का नोटिफिकेशन नहीं जारी किया है। इसके साथ ही लोगों से अपील की गई थी कि ऐसी किसी योजना के झांसे में आकर अपनी निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। हालांकि, आम आदमी पार्टी का दावा है कि यह योजना शुरू हो चुकी है और पात्र महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा।

क्या है महिला सम्मान और संजीवनी योजना?

महिला सम्मान योजना के तहत दिल्ली की 18 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये मिलेंगे। वहीं, 2025 दोबारा आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर इस राशि को बढ़ाकर 2100 रुपये कर दिया जाएगा। वहीं, संजीवनी योजना के तहत दिल्ली में 60 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाएगी। उनके इलाज का पूरा खर्च दिल्ली सरकार उठाएगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।