1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. 72 घंटे में सुलझी ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी, तीन युवकों ने दिया था हत्या को अंजाम

72 घंटे में सुलझी ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी, तीन युवकों ने दिया था हत्या को अंजाम

 Reported By: Sanjay Sah Edited By: Malaika Imam
 Published : Jul 29, 2025 07:03 pm IST,  Updated : Jul 29, 2025 07:12 pm IST

बदरपुर हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने इस हत्या की वारदात में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। होटल से पार्टी कर लौटते समय आरोपियों ने युवक की हत्या कर दी थी।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : FILE/PTI

नई दिल्ली: दक्षिणी पूर्वी दिल्ली के बदरपुर इलाके में अज्ञात युवक की हुई हत्या का मामला दिल्ली पुलिस ने 72 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को सुलझाते हुए तीन आरोपियों- दीपक, हिमांशु और नूर उर्फ मोहसिन को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने लूट का विरोध करने पर युवक को चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया था।

युवक के सीने पर मिले कट के निशान

यह घटना तब सामने आई जब 25 जुलाई की रात मथुरा रोड पर पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। पुलिस ने उसे एम्स ट्रॉमा सेंटर भेजा, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में पुलिस इसे सड़क दुर्घटना समझ रही थी, लेकिन अस्पताल में शव की क्लिंजिंग के दौरान युवक के सीने पर तेज धारदार हथियार से कटने के निशान मिले, जिससे यह पुष्टि हुई कि यह एक दुर्घटना नहीं, बल्कि हत्या का मामला है।

शव की पहचान के लिए पुलिस ने जारी किया था फोटो

पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए फोटो जारी किया, तब फरीदाबाद से मृतक के भाई ने पुलिस से संपर्क किया और अपने भाई की पहचान की। मृतक की पहचान 21 वर्षीय मकबूल अकरम के रूप में हुई, जो बिहार के चंपारण का रहने वाला था और काम की तलाश में अपने भाई के पास फरीदाबाद आया था। घटना वाले दिन भी मकबूल अपनी बहन का मोबाइल लेकर काम की तलाश में घर से निकला था। देर रात होने पर वह बदरपुर बस स्टैंड पर बैठा था, तभी दीपक, हिमांशु और नूर उर्फ मोहसिन वहां आए और मकबूल का मोबाइल लूटने की कोशिश की, जब मकबूल ने इसका विरोध किया, तो हिमांशु ने उसे चाकू मार दिया और तीनों मौके से फरार हो गए।

आरोपियों तक कैसे पहुंची पुलिस?

पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और एक सीसीटीवी फुटेज में स्कूटी पर तीन लोगों को उतरते हुए देखा गया, और उनके आगे बढ़ने पर एक व्यक्ति जमीन पर गिर गया। इसी फुटेज से पुलिस का शक गहराया। पुलिस ने स्कूटी के बारे में छानबीन की और उसी के जरिए आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब रही।

होटल से पार्टी कर लौट रहे थे आरोपी

डीसीपी डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि तीनों आरोपी फरीदाबाद के एक होटल से पार्टी करके लौट रहे थे। होटल से लौटते समय बदरपुर बस स्टैंड के पास मकबूल को अकेला देखकर उन्होंने उसका मोबाइल लूटने का प्लान बनाया। मकबूल ने इसका विरोध किया तो उसे चाकू मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

ये भी पढ़ें-

जब सदन में हनुमान बेनीवाल बोले- "ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान पत्नी है, उसे घर ले आइए", सुन हंसने लगे सांसद

ट्रक के आगे कूदकर युवक ने किया सुसाइड, चक्के में दबकर हुई मौत; CCTV फुटेज देख कांप जाएगा कलेजा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।