1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी को बड़ा झटका, आम आदमी पार्टी में शामिल हुआ ये नेता

दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी को बड़ा झटका, आम आदमी पार्टी में शामिल हुआ ये नेता

 Published : Dec 04, 2024 02:00 pm IST,  Updated : Dec 04, 2024 02:00 pm IST

दिल्ली में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के नेता ने आम आदमी पार्टी ज्वॉइन कर ली है। इसे बीजेपी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

BJP, delhi election- India TV Hindi
बीजेपी को बड़ा झटका Image Source : FILE

नई दिल्ली: दिल्ली में विधानसभा चुनाव से पहले ही सियासत गर्म है। नेताओं का एक खेमे से दूसरे खेमे में पाला बदलना भी जारी है। इस बीच बीजेपी नेता प्रवेश रतन बुधवार को आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। प्रवेश रतन ने 2020 का दिल्ली विधानसभा चुनाव टेल नगर आरक्षित निर्वाचन क्षेत्र से लड़ा था। लेकिन वे चुनाव हार गए थे। 

जाटव समुदाय से ताल्लुक रखने वाले रतन ने आम आदमी पार्टी मुख्यालय में मनीष सिसोदिया और दुर्गेश पाठक की मौजूदगी में आप की सदस्यता ली। यह कदम आप नेता और पटेल नगर से पूर्व विधायक राज कुमार आनंद के भाजपा में शामिल होने के कुछ महीने बाद उठाया गया है। आनंद ने अप्रैल में दिल्ली सरकार में मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और आप छोड़ दी थी। बाद में उन्हें दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष ने विधायक के रूप में अयोग्य घोषित कर दिया था। जुलाई में आनंद आप के एक अन्य विधायक करतार सिंह तंवर के साथ भाजपा में शामिल हो गए थे। 

रतन ने 2020 के दिल्ली चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था, लेकिन आनंद ने उन्हें 30,000 से अधिक मतों से हराया था। फरवरी 2025 में होने वाले विधानसभा चुनावों में दोनों नेता अपनी नई पार्टियों के उम्मीदवार के रूप में फिर से एक-दूसरे के खिलाफ खड़े हो सकते हैं। रतन ने कहा कि वह आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और जिस तरह से उन्होंने लोगों, खासकर कमजोर वर्गों के लोगों को आप सरकार द्वारा दी जाने वाली मुफ्त सुविधाओं के कारण पैसे बचाने में मदद की, उससे प्रेरित हैं। (इनपुट-पीटीआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।