1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली की 6 लोकसभा सीटों पर भाजपा ने नए चेहरों को दिया टिकट, यहां देखें उनके नाम

दिल्ली की 6 लोकसभा सीटों पर भाजपा ने नए चेहरों को दिया टिकट, यहां देखें उनके नाम

 Written By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Mar 14, 2024 11:10 am IST,  Updated : Mar 14, 2024 11:10 am IST

भाजपा ने बुधवार को अपने उम्मीदवारों के नामों की दूसरी लिस्ट को जारी कर दिया। इस लिस्ट में भाजपा ने दिल्ली के 2 उम्मीदवारों की भी घोषणा की। इसी के साथ अब दिल्ली की 7 लोकसभा सीटों में से 6 पर नए चेहरों पर भाजपा ने अपना दाव खेला है। केवल मनोज तिवारी अपनी सीट को बचा पाने में सफल हुए हैं।

BJP announces 2 more Delhi candidates drops all MPs except Manoj Tiwari delhi loksabha election bjp - India TV Hindi
दिल्ली में 6 सीटों पर भाजपा ने उतारे नए चेहरे Image Source : PTI

भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को 2024 लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट को जारी किया। दिल्ली के 7 सांसदों में से 6 सांसदों के टिकट को काट दिया गया है। इस लिस्ट में पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ। हर्षवर्धन, केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे प्रवेश वर्मा और रमेश बिधूड़ी का नाम शामिल है। वहीं पूर्वी दिल्ली से सांसद गौतम गंभीर ने सोशल मीडिया पर खुद यह घोषणा की थी कि वो 2024 के लोकसभा चुनाव में भाग नहीं लेना चाहते हैं। ऐसे में गौतम गंभीर के स्थान पर हर्ष मल्होत्रा को पार्टी ने टिकट दिया है। 

Related Stories

दिल्ली के 6 सांसदों का कटा टिकट

बता दें कि दिल्ली की 7 में से 6 सीटों के सांसदों का टिकट कट गया है। केवल मनोज तिवारी ही ऐसे वर्तमान सांसद हैं जिन्हें लोकसभा चुनाव 2024 के लिए एक बार फिर पार्टी ने टिकट दिया है। भोजपुरी गायक मनोज तिवारी नॉर्थ ईस्ट दिल्ली से भाजपा के उम्मीदवार हैं। वहीं 13 मार्च को जारी लिस्ट में 2 और सांसदों के टिकट को काट दिया गया। दरअसल उत्तर पश्चिम दिल्ली से सांसद और गायक हंसराज हंस का टिकट कट गया है। इस सीट पर भाजपा ने योगेंद्र चंदोलिया को उतारा है। वहीं पूर्वी दिल्ली से गौतम गंभीर की सीट पर पार्टी ने हर्ष मल्होत्रा को टिकट दिया है। 

दिल्ली में भाजपा के 7 उम्मीदवार

दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, हर्ष मल्होत्रा और योगेंद्र चंदोलिया को उम्मीदवार बनाए जाने पर शुभकामनाएं। पीएम मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए दिल्ली तैयार है। भाजपा इस बार भी दिल्ली की सातों सीटों पर जीत दर्ज करेगी। बता दें कि इसी के साथ पार्टी ने दिल्ली की 6 सीटों पर नए चेहरों को टिकट देने का काम किया है। दिल्ली की सभी सीटों की बात करें तो पूर्वी दिल्ली से हर्ष मल्होत्रा, उत्तर पूर्व दिल्ली से मनोज तिवारी, नई दिल्ली से बांसुरी स्वराज, चांदनी चौक से प्रवीण खंडेलवाल, साउथ दिल्ली से रामवीर सिंह बिधुड़ी, पश्चिम दिल्ली से कमलजीत सेहरावत और उत्तर पश्चिम दिल्ली से योगेंद्र चंदोलिया को पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।