1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. सबूतों के साथ चुनाव आयोग पहुंची BJP, दिल्ली में रोहिंग्या-बांग्लादेशी और फर्जी पते वाले लोगों को वोटर लिस्ट से हटाने की मांग

सबूतों के साथ चुनाव आयोग पहुंची BJP, दिल्ली में रोहिंग्या-बांग्लादेशी और फर्जी पते वाले लोगों को वोटर लिस्ट से हटाने की मांग

 Reported By: Sanjay Sah Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Dec 14, 2024 11:13 am IST,  Updated : Dec 14, 2024 11:19 am IST

दिल्ली में अगले साल फरवरी के महीने में विधानसभा के चुनाव होने हैं। चुनाव से पहले दिल्ली में फर्जी वोटर का मुद्दा गरमाया हुआ है। इसी को लेकर दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग से मुलाकात की है।

Delhi BJP President Virendra Sachdeva- India TV Hindi
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा Image Source : FILE PHOTO

दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य दो चुनाव आयुक्तों से मुलाकात की। दिल्ली की मतदाता सूची में लाखों अवैध घुसपैठियों (रोहिंग्या और बांग्लादेशी मूल के) डुप्लीकेट, फर्जी पते वाले और मृत लोगों के नाम शामिल होने का विरोध दर्ज किया है। उन्होंने मांग की कि चुनाव आयोग इन शिकायतों को प्राथमिकता से कानूनी आधार पर हल करे ताकि दिल्ली विधानसभा चुनाव पारदर्शी और निष्पक्ष हों।

हर्ष मल्होत्रा, बांसुरी स्वराज और सचदेवा चुनाव आयोग से मिले

वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व वाले इस प्रतिनिधिमंडल में बीजेपी की चुनाव समन्वय समिति के राष्ट्रीय संयोजक ओम पाठक, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद और वरिष्ठ वकील बांसुरी स्वराज, दिल्ली बीजेपी मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर और दिल्ली बीजेपी चुनाव समिति के संयोजक अधिवक्ता संकेत गुप्ता शामिल रहे।

चुनाव आयोग को 5 हजार पन्नों के सबूत दिखाए

वीरेंद्र सचदेवा ने ECI को 5000 पन्नों के प्राथमिक सबूतों के साथ विस्तृत प्रस्तुति दी है। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष ने चुनाव आयोग को बताया कि यह हैरानी की बात है कि हर बार लोकसभा चुनाव समाप्त होने और विधानसभा चुनाव शुरू होने के बीच लाखों नए मतदाता पंजीकृत होते हैं। यह संख्या वार्षिक मतदाता सारांश संशोधन की सामान्य प्रक्रिया से काफी अधिक होती है।

दिल्ली में बड़ी संख्या में अवैध मतदाता

दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष सचदेवा ने कहा कि अगस्त 2024 के चुनाव आयोग के एक सर्कुलर के आधार पर बीजेपी कार्यकर्ता दिल्ली के 70 विधानसभा क्षेत्रों में जांच कर रहे हैं। उन्होंने पाया कि बड़ी संख्या में अवैध रोहिंग्या और बांग्लादेशी मतदाता पंजीकृत हैं। इसके अलावा, डुप्लीकेट, फर्जी पते और मृत मतदाता भी बड़ी संख्या में सूची में शामिल हैं।

उन्होंने चुनाव आयोग से अपील की है कि अवैध मतदाताओं के पंजीकरण और नकली मतदान के खिलाफ अभियान चलाया जाए। उन्होंने मीडिया और रेडियो अभियानों के जरिए ऐसे मतदाताओं को सख्त चेतावनी देने की भी मांग की।

बांसुरी स्वराज ने दिए कानूनी सबूत

बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने 18 मजबूत सबूतों की सूची प्रस्तुत की है। इसमें रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों के पंजीकरण का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि कैसे कई निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों में एक ही परिवार के व्यक्ति अलग-अलग EPIC नंबरों के साथ बार-बार पंजीकृत हैं।

बीएलओ सही से नहीं कर रहे काम

उन्होंने ऐसे मामलों का जिक्र किया कि जहां एक ही समुदाय के मतदाता गैर-मौजूद पते पर पंजीकृत हैं। एक ही परिवार के सदस्य एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में पंजीकृत हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बीएलओ अपने पवित्र कर्तव्य को निभाने में विफल हो रहे हैं। 

भारतीय मूल के मतदाताओं का विरोध नहीं कर रही BJP

बीजेपी सांसद व केंद्रीय मंत्रीय हर्ष मल्होत्रा ने आम आदमी पार्टी के गलत प्रचार पर चुनाव आयोग को विरोध से अवगत कराया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी केवल घुसपैठियों और फर्जी पते वाले मतदाताओं का विरोध कर रही है, न कि भारतीय मूल के मतदाताओं का विरोध कर रही है। उन्होंने चुनाव आयोग से मीडिया के माध्यम से इस मामले पर स्पष्टता देने का अनुरोध किया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।