1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली: बीते 5 महीनों में रोड एक्सीडेंट में 577 लोगों की मौत, साल 2025 का ये आंकड़ा चौंकाएगा

दिल्ली: बीते 5 महीनों में रोड एक्सीडेंट में 577 लोगों की मौत, साल 2025 का ये आंकड़ा चौंकाएगा

 Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Jun 17, 2025 05:31 pm IST,  Updated : Jun 17, 2025 05:31 pm IST

दिल्ली में बीते 5 महीनों में रोड एक्सीडेंट में 577 लोगों की मौत हुई है। मार्च इस साल का अब तक सबसे घातक महीना रहा है। इस दौरान दिल्ली में 137 हादसे हुए हैं और 139 लोगों की मौत हुई है।

Delhi- India TV Hindi
5 महीनों में रोड एक्सीडेंट में 577 लोगों की मौत Image Source : REPRESENTATIVE PIC

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में बीते 5 महीनों में 500 से ज्यादा लोगों की मौत रोड एक्सीडेंट में हुई है। हालांकि अगर इस आंकड़े की साल 2024 से तुलना करें तो रोड एक्सीडेंट के मामलों में कमी आई है। हालांकि आधिकारिक आंकड़े कहते हैं कि रोड एक्सीडेंट में हर दिन करीब चार लोग काल के गाल में समा जाते हैं।

दिल्ली पुलिस ने साझा किए आंकड़े

दिल्ली पुलिस ने बताया कि साल 2025 में जनवरी से मई के बीच 2,235 रोड एक्सीडेंट हुए, जिसमें 577 लोगों ने जान गंवाई और 2,187 लोग घायल हुए। अगर 2024 की बात करें तो इन्हीं 5 महीनों के दौरान कुल दुर्घटनाओं के 2,322 मामले सामने आए थे और 652 लोग काल के गाल में समा गए थे।

दिल्ली, देश की राजधानी है, इसलिए यहां हुईं घटनाएं पूरे देश में चर्चा का विषय रहती हैं। ऐसे में पुलिस के सामने ये चुनौती बड़ी है कि कैसे रोड एक्सीडेंट पर रोक लगाएं। रोड एक्सीडेंट में भले ही मौतों का आंकड़ा पिछले साल की तुलना में कम हुआ हो लेकिन घायलों की संख्या का बढ़ना भी चिंताजनक है। जहां साल 2024 में शुरुआती पांच महीनों में केवल 2,106 लोग घायल हुए थे, वहीं इस साल शुरुआती 5 महीनों में  2,187 लोग घायल हुए हैं।

साल 2025 में अब तक मार्च रहा सबसे भयानक

मार्च इस साल का अब तक सबसे भयावह महीना रहा है। मार्च में दिल्ली में 137 हादसे हुए, जिसमें 139 लोगों ने अपनी जान गंवा दी। वहीं अप्रैल में 91 हादसे हुए जिसमें 476 लोग घायल हुए। मई में 458 हादसे दर्ज हुए, जिसमें 100 बड़े हादसे थे। इसमें 107 लोगों ने जान गंवाई और 458 लोग घायल हो गए।

अगर पिछले साल मई से तुलना करें तो मई में साल 2024 में 447 हादसे हुए थे, जिसमें 125 हादसे ज्यादा बड़े थे। इस दौरान 127 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी। वहीं साल 2025 में ज्यादा भयावह हादसों में कमी आई है और इसमें 13.5 प्रतिशत की कमी देखी गई है। (इनपुट: भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।