मुखर्जी नगर: दिल्ली के मुखर्जी नगर में एक बहन पर अपमानजनक टिप्पणी करने को लेकर एक नाबालिग को इतना गुस्सा आया कि उसने 22 साल के युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। खुद पुलिस ने ये जानकारी दी है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, ये घटना सुबह करीब 9:40 बजे मलिकपुर इलाके के पास घटी, जब पीड़ित अमन एक और लड़के के साथ स्कूटर से वजीराबाद जा रहा था।
पुलिस ने कहा कि नाबालिग आरोपी ने अमन पर कथित तौर पर पीछे से हमला किया और उसे कई बार चाकू मारा और मौके से फरार हो गया। इस हमले में पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे आसपास के राहगीरों में दहशत फैल गई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "चाकूबाजी की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं। उनके पहुंचने तक घायल को पीसीआर वैन द्वारा पास के अस्पताल ले जाया जा चुका था।"
पुलिस ने बताया कि अमन को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटनास्थल की जांच के लिए एक अपराध दल और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) के अधिकारियों को बुलाया गया। अपराध में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया गया है। गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि बाद में नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। गहन पूछताछ के दौरान उसने बताया कि उसने अमन पर हमला इसलिए किया क्योंकि पीड़ित ने उसकी बहन के बारे में कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी की थी। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोग सहमे हुए हैं। लोगों का कहना है कि एक नाबालिग इतना खतरनाक हो सकता है, ये सोचने का विषय है।