1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. VIDEO: दिल्ली में वोटिंग के बीच सीलमपुर में जबरदस्त हंगामा, AAP और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प

VIDEO: दिल्ली में वोटिंग के बीच सीलमपुर में जबरदस्त हंगामा, AAP और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प

 Reported By: Shoaib Raza Written By: Mangal Yadav
 Published : Feb 05, 2025 01:16 pm IST,  Updated : Feb 05, 2025 02:49 pm IST

दिल्ली के सीलमपुर में फर्जी वोटिंग के आरोप को लेकर जबरदस्त हंगामा हुआ है। बीजेपी और आप के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई है।

सीलमपुर में फर्जी वोटिंग के आरोप को लेकर जबरदस्त हंगामा- India TV Hindi
सीलमपुर में फर्जी वोटिंग के आरोप को लेकर जबरदस्त हंगामा Image Source : INDIA TV

नई दिल्लीः दिल्ली के सीलमपुर में फर्जी वोटिंग के आरोप को लेकर जबरदस्त हंगामा हुआ है। सीलमपुर में आम आदमी पार्टी और बीजेपी के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई है। भाजपा नेताओं के अनुसार, कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें बुर्का पहनी महिलाओं ने मतदान केंद्रों पर कथित तौर पर धोखाधड़ी से फर्जी वोट डाला। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि चुनाव प्रक्रिया में हेराफेरी की जा रही है।

बीजेपी ने चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग की

बीजेपी ने चुनाव आयोग से फर्जी वोटिंग रुकवाने की मांग की है। इस बीच, मतदान अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि किसी भी तरह की अनियमितता को रोकने के लिए आवश्यक सत्यापन उपाय किए गए हैं। अधिकारियों ने अभी तक आरोपों का जवाब नहीं दिया है।

एक-दूसरे से भिड़े आप और बीजेपी के कार्यकर्ता

जानकारी के अनुसार, सीलमपुर में बीजेपी ने आरोप लगाया कि बुर्के में कुछ महिलाएं फर्जी वोटिंग कर रही हैं। इसी बात को लेकर आप और बीजेपी के कार्यकर्ता भिड़ गए और एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। मौके पर मौजूद पुलिस ने दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं को वहां से हटाया। 

दिल्ली पुलिस का सामने आया बयान

दिल्ली पुलिस का कहना है कि सुबह करीब 11:50 बजे आर्यन पब्लिक स्कूल, जाफराबाद मतदान केंद्र पर सीलमपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार ने आप उम्मीदवार के खिलाफ फर्जी मतदान का आरोप लगाया। इस मुद्दे पर कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। तत्काल ही अतिरिक्त स्टाफ के साथ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले को सुलझाया। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है। 

सौरभ भारद्वाज ने पुलिस पर लगाया गंभीर आरोप

वहीं, ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट से आप उम्मीदवार सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस चिराग दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर लोगों को वोट डालने से रोकने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिसवाले सुबह से ही चुनाव को प्रभावित करने के लिए यहां खड़े हैं। यहां बैरिकेड क्यों लगाए गए हैं? दिल्ली पुलिस के किस वरिष्ठ अधिकारी ने उन्हें बैरिकेड लगाने के लिए कहा है? यह सब गरीब ग्रामीणों को परेशान करने के लिए किया जा रहा है। 

 एसीपी और एसएचओ पर लगाया गंभीर आरोप

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जहां भी आम आदमी पार्टी के ज्यादा वोटर हैं वहां मालवीय नगर के एसीपी और एसएचओ खुलेआम लोगों को परेशान कर रहे हैं। एसएचओ ने कल रात हमारे निजी परिसर में छापा भी मारा। चिराग दिल्ली के सभी 17-18 मतदान केंद्रों पर पुलिस ऐसा कर रही है। लोग न तो मेट्रो से आ सकते हैं और न ही सड़कों से वोट डालने आ सकते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।