1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली किसकी: इंडिया टीवी के स्पेशल कॉन्क्लेव में भाजपा सांसद मनोज तिवारी, जानें क्या बोले

दिल्ली किसकी: इंडिया टीवी के स्पेशल कॉन्क्लेव में भाजपा सांसद मनोज तिवारी, जानें क्या बोले

 Edited By: Subhash Kumar
 Published : Jan 10, 2025 10:55 am IST,  Updated : Jan 10, 2025 02:57 pm IST

केंद्रशासित प्रदेश दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान हो चुका है। चुनाव के मद्देनजर इंडिया टीवी ने स्पेशल कॉन्क्लेव 'दिल्ली किसकी' का आयोजन किया जिसमें भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने भी हिस्सा लिया है।

इंडिया टीवी के स्पेशल कॉन्क्लेव में मनोज तिवारी।- India TV Hindi
इंडिया टीवी के स्पेशल कॉन्क्लेव में मनोज तिवारी। Image Source : INDIA TV

Delhi Assembly Election 2025: चुनाव आयोग ने दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया है। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए वोटिंग 5 फरवरी को होगी। वहीं, चुनाव के परिणाम 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। इस अहम चुनाव से पहले इंडिया टीवी की ओर से शुक्रवार को स्पेशल कॉन्क्लेव 'दिल्ली किसकी' का आयोजन किया गया है। इस कॉन्क्लेव में भारतीय जनता पार्टी के सांसद मनोज तिवारी ने भी हिस्सा लिया है। आइए जानते हैं कि मनोज तिवारी ने दिल्ली चुनाव को लेकर क्या कुछ कहा है।

दिल्ली की जनता ने बहुत कुछ झेला- मनोज तिवारी

इस सवाल पर कि बीते कई चुनाव से भाजपा दिल्ली में जीत नहीं पाई है। तो क्या दिल्ली की जनता इस बार भाजपा के स्वागत के लिए तैयार है? इस पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली की जनता ने अब भाजपा को लाने का मन बना लिया है। दिल्ली की जनता ने बहुत कुछ झेला है। लोग समझ रहे हैं कि भाजपा के हारने से दिल्ली का भविष्य हारा है। मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली की झुग्गी बस्तियों में नाले का पानी आ रहा है। आज तक इसे किसी ने ठीक करने की कोशिश नहीं की। बुजुर्गों का पेंशन बंद है। दिल्ली में बच्चों को स्कूल जाने के बजाय टैंकर का इंतजार करना पड़ रहा है। नकली दवाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली में हजारों लोगों की अस्पतालों में मौत गंदे पानी के कारण हुई है।

पूर्वांचल का मन AAP ने दुखाया

मनोज तिवारी ने कहा कि पूर्वांचल, उत्तर प्रदेश, बिहार के लोगों का झुकाव AAP की तरफ गया था। लेकिन आज पूर्वांचल का मन AAP ने दुखाया है, उनके लिए मौत परोसी है। कोरोना के वक्त जब सभी को घर में सुरक्षित रखना था तब इन्होंने पूरे दिल्ली के 40 से 50 हजार लोग आनंद विहार पर इकट्ठा करवाया जिससे कोरोना और फैला। पूर्वांचल वालों के लिए केजरीवाल कहते हैं कि 500 की टिकट लेकर आते हैं और 5 लाख का इलाज कराते हैं।

केजरीवाल ने पूर्वांचल के लोगों को फर्जी कहा- मनोज तिवारी

मनोज तिवारी ने कहा कि केजरीवाल ने पूर्वांचल के लोगों को फर्जी वोटर कहा है। पूर्वांचल के लोग आत्मसम्मान से रहते हैं लेकिन किसी के सामने गिड़गिड़ाते नहीं हैं। वह फर्जी कैसे हो सकते हैं। वो लोग सुबह उठकर दिल्ली को सजाते हैं। ये 6 बजे ठिठुरती ठंड में लोगों की सेवा के लिए खड़े रहते हैं। हजारों लोगों को फर्जी बताकर केजरीवाल ने ये जीवन की सबसे बड़ी गलती कर दी है। मनोज तिवारी ने कहा कि किराए के मकान में रह रहे लोगों को कोई फ्री बिजली जैसी सुविधा नहीं मिलती। मनोज तिवारी ने कहा कि केजरीवाल को 5 फरवरी को जनत जवाब देगी।

बार-बार अपमानित करना सही नहीं- मनोज तिवारी

मनोज तिवारी ने कहा कि कभी फर्जी बोलना, कभी लालची बोलना, कभी मौत के मुंह में ढकेलना, कभी नकली दवाई देकर मारना तो कभी पेंशन बंद कर देना। पूर्वांचली अपने मां-बाप को छोड़कर दिल्ली में अपना छोटा परिवार लेकर रहता है। मैं ये सोचकर दुखी हूं कि मेहनतकश लोगों को फर्जी बताया जा रहा है। जिन लोगों की मेहनत से दिल्ली चल रही हो उन्हें बार-बार अपमानित करना सही नहीं है।

रिंकिया के पापा गाने पर बोले मनोज तिवारी

आम आदमी पार्टी द्वारा रिंकिया के पापा बजाकर मजाक उड़ाए जाने को लेकर मनोज तिवारी ने कहा कि ये उनकी मानसिकता को दिखाता है। वे भोजपुरी, मगही, मैथिली का मजाक उड़ाते है। उसके बाद भी ये समाज भूल गया। पहली बार केजरीवाल ने ऐसा काम किया जिससे हमारे आत्मसम्मान को चोट पहुंची है। 70 में से 50 विधानसभा ऐसी है जहां यूपी, बिहार और झारखंड के लोग तय करते हैं कि विधायक कौन बनेगा। भाषा का मजाक बनाना लोगों को प्रोवोक करना हुआ कि भाषा और क्षेत्र के नाम पर लोगों को छोटा समझा जाए।

AAP और कांग्रेस एक ही है- मनोज तिवारी

मनोज तिवारी ने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस एक हो गई थी। इस कारण दोनों का वोट बैंक एक हो गया जिससे हमारा मार्जिन कम हुआ। हालांकि, हमारे वोट काफी बढ़े हैं। इस सवाल पर कि क्या भाजपा चाहती है कि कांग्रेस दिल्ली में मजबूती से रहे? मनोज तिवारी ने कहा कि AAP और कांग्रेस एक ही है लेकिन दोनों एक होकर लड़ेगी तो हमें जीतना है।

ये भी पढ़ें- Delhi Kiski: इस बार किसकी होगी दिल्ली? केजरीवाल के खिलाफ ताल ठोक रहे प्रवेश वर्मा ने दिया जवाब


Delhi Kiski: इंडिया टीवी के स्पेशल कॉन्क्लेव 'दिल्ली किसकी' में BJP सांसद कमलजीत सहरावत, जानें क्या बोलीं

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।