1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली विधानसभा चुनाव: 'यहां ईश्वर भी है और अली भी है और आपका साथ है', प्रियंका ने की कांग्रेस सरकार बनाने की अपील

दिल्ली विधानसभा चुनाव: 'यहां ईश्वर भी है और अली भी है और आपका साथ है', प्रियंका ने की कांग्रेस सरकार बनाने की अपील

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jan 31, 2025 10:18 pm IST,  Updated : Jan 31, 2025 10:18 pm IST

प्रियंका गांधी ने कहा कि शीला दीक्षित के समय दिल्ली का विकास हुआ था। इसके बाद से मोदी और केजरीवाल ने दिल्ली के लिए कुछ नहीं किया है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस की सरकार बनाने की अपील की।

Priyanka Gandhi- India TV Hindi
प्रियंका गांधी Image Source : PTI

दिल्ली चुनाव 2025: मुस्तफाबाद में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने लोगों से दिल्ली में कांग्रेस की सरकार बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि संविधान ने भारत के लोगों को वोट देने का अधिकार दिया है। आम जनता, प्रधानमंत्री, राजनेता और बाकी सभी को यह अधिकार है। यह वोट सरकार चुनने का अधिकार देता है। इस वोट के जरिए  देश और संविधान को मजबूत किया जा सकता है।

प्रियंका गांधी ने कहा "आज परिस्थिति है कि हर घर में दो से तीन लोगों को काम करना पड़ता है। ऐसे में महिलाओं की दोगुनी मेहनत है। पैसे कम पड़ रहे हैं और लोगों का गुजारा मुश्किल हो गया है। आम आदमी पार्टी के नेता जो कह रहे हैं, उससे आपकी महंगाई कम नहीं हो रही है। भाजपा शीश महल की बात करती है, लेकिन क्या यही आपकी समस्या है? आम लोगों की समस्याओं की बात कोई नहीं कर रहा है। सड़के कैसे बनेगी, शिक्षा कैसे मिलेगी, रोजगार कैसे मिलेगा, इन सभी मुद्दों पर कोई बात नहीं करता है।"

केंद्र सरकार पर साधा निशाना

प्रियंका गांधी ने कहा कि हर जगह परेशानी ही परेशानी है, लेकिन सच्चाई कोई नहीं बता रहा है। देश की अर्थव्यवस्था गिर रही है, शेयर बाजार गिर रहा है। मिडिल क्लास पर टैक्स का बोझ है। छोटे व्यापारी उभर नहीं पा रहे हैं। उन्हें दुर्बल किया जा रहा है। हवाई अड्डे ,बंदरगाह सब अडानी को दिया जा रहे और आपके बच्चे सोशल मीडिया पर इनके बच्चों की शादियों देख रहे हैं। कोई बीमार पड़ जाए तो अस्पताल में इलाज नहीं है। प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराने को मजबूर हैं।

शीला दीक्षित की तारीफ

प्रियंका ने कहा कि शीला दीक्षित के समय में दिल्ली की तरक्की हुई। 70 फ्लाई ओवर, मेट्रो, कॉलोनियों को रेगुलर किया। सीएनजी बस चलवाई , मॉल बनाया, सचिवालय बनाया , बहुत से कार्य किये। मनमोहन सिंह और शिला दीक्षित ने जो किया वो सबके सामने है। प्रियंका ने कहा "पूछना चाहती हूं कि केजरीवाल और मोदी ने क्या किया है दिल्ली के लिए? लोगों में फूट डाला है, फिजूल के मुद्दे उठाए हैं। आज यहां खड़े हैं कि देश की सारी संपत्ति देश के गिने चुने लोगों के हाथों में है। उनके कर्ज माफ होते हैं और उनके कर्ज जनता उठाती है। झूठ बोला जा रहा है, वोटों का सौदा किया जा रहा है, इसे समझिए।"

दिल्ली को मिसाल बनाने का वादा

प्रियंका गांधी ने अंत में कहा "यहां ईश्वर भी है और अली भी है और आपका साथ है, तो देश को मजबूत बनाने वाली राजनीति भी आएगी। एक बार फिर दिल्ली शहर जो हमारी आपकी अमानत है, उसे फिर मिसाल बनाएंगे।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।