1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ FIR दर्ज, AAP ने किया इनकार

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ FIR दर्ज, AAP ने किया इनकार

 Reported By: Atul Bhatia,,  Bhaskar Mishra, Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Jan 14, 2025 10:34 am IST,  Updated : Jan 14, 2025 11:16 am IST

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी की मुश्किलें बढ़ गई हैं और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। ये मामला चुनाव प्रचार में सरकारी वाहन के इस्तेमाल का है। हालांकि आप ने आतिशी के खिलाफ एफआईआर होने की बात से इनकार किया है।

Atishi- India TV Hindi
आतिशी Image Source : PTI/FILE

नई दिल्ली: दिल्ली की सीएम आतिशी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। चुनाव प्रचार में PWD और दिल्ली सरकार के सरकारी वाहन के इस्तेमाल को लेकर आतिशी के खिलाफ FIR दर्ज हुई है। चुनाव आयोग की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने एक्जीक्यूटिव इंजीनियर संजय कुमार के खिलाफ FIR दर्ज की है। दिल्ली के गोविंदपुरी पुलिस थाने में दिल्ली पुलिस ने ये FIR दर्ज की है। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के द्वारा अपने चुनावी कार्यालय के लिए सरकारी वाहन का उपयोग करने पर ये FIR दर्ज हुई है।

आम आदमी पार्टी ने किया इनकार, लेकिन केजरीवाल कह रहे ये बात

आम आदमी पार्टी का कहना है कि FIR सीएम आतिशी पर नहीं हुई है। लेकिन अरविंद केजरीवाल एफआईआर होने की बात कह रहे हैं। केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, 'इनके नेता खुलेआम पैसा बांटते हैं, साड़ी, कंबल, सोने की चैन आदि बांटते हैं, फर्जी वोट बनवाते हैं, फिर भी एक FIR तक दर्ज नहीं होती। लेकिन मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ तुरंत FIR हो जाती है। आम आदमी पार्टी पूरे सिस्टम के खिलाफ लड़ रही है। इस सड़े गले सिस्टम को जनता के साथ मिलकर बदलना है, मिलकर साफ करना है। बीजेपी और कांग्रेस दोनों उसी सड़े गले सिस्टम का हिस्सा हैं।'

AAP
Image Source : ARVIND KEJRIWAL/X केजरीवाल ने किया ये पोस्ट

आज भरना है नामांकन 

आतिशी को आज ही विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन भरना है। हालांकि ये नामांकन सोमवार को भरा जाना था लेकिन समय मिस करने की वजह से आतिशी सोमवार को नामांकन दाखिल नहीं कर पाईं थीं। इससे पहले आतिशी ने 13 जनवरी को कालकाजी मंदिर में पूजा-अर्चना कर माता का आर्शीवाद लिया था और गुरुद्वारा में माथा भी टेका था। आतिशी ने सोमवार को रोड शो भी निकाला था।

दिल्ली में कब हैं चुनाव?

दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। इसीलिए 70 विधानसभा सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया भी जारी है। दिल्ली की मुख्यमंत्री और कालकाजी विधानसभा सीट से AAP की उम्मीदवार आतिशी इसी के तहत आज अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी।

दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए एक चरण में 5 फरवरी, 2025 को मतदान होगा और चुनाव नतीजे 8 फरवरी, 2025 को घोषित होंगे।

AAP, बीजेपी और कांग्रेस में कांटे की टक्कर

अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (AAP) दिल्ली में 2 बार जीत हासिल कर चुकी है और तीसरी बार जीतने के लिए जोर लगा रही है। वहीं बीजेपी इस चुनाव को दिल्ली की सत्ता में वापसी की चाबी मानकर पूरी ताकत झोंक रही है। कांग्रेस भी इस लड़ाई में बराबर बनी हुई है। वह अकेले इस चुनाव में मैदान में है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।