दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली की जनता को नए साल की शुभकामनाएं दी हैं। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा है कि सरकार दिल्ली के लिए 2047 के विजन के साथ नए साल में प्रवेश करेगी। सीएम रेखा गुप्ता ने नए साल की शुभकामनाएं देते हुए 2025 तक सरकार द्वारा किए गए कई विकास कार्यों के बारे में भी बात की है। आइए जानते हैं कि सीएम रेखा गुप्ता ने क्या कुछ जानकारी दी है।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा- "2025 जा रहा है और 2026 आ रहा है। हमने क्या खोया, क्या पाया? 2025 में नई ज़िम्मेदारियां, नई चुनौतियां और काम करने के बहुत सारे अवसर मिले। कुछ लोगों ने AQI और AIQ में चीजों को उलझाए रखने की कोशिश की, लेकिन यह इतना नहीं था। इसके अलावा, सरकार ने कई ऐसे काम किए, जिनका दिल्ली लंबे समय से इंतजार कर रही थी। दिल्ली में नया शिक्षा बिल आया, ताकि अभिभावकों को भारी फीस न देनी पड़े। दिल्ली में 10 लाख रुपये तक का इलाज, आयुष्मान के माध्यम से लोगों के लिए मुफ्त किया गा। अटल कैंटीन: 5 रुपये में भरपेट भोजन, जो हर गरीब श्रमिक, मेरे भाइयों और बहनों को सबसे ज्यादा पसंद आयी, सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, दिल्ली में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए कई योजनाओं को मंजूरी दी गई।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जानकारी दी है कि दिल्ली में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए कई योजनाओं को मंजूरी दी गई और शहर में इज ऑफ डूइंग बिजनेस को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली में खराब एयर क्वालिटी पर भी बात की और सरकार द्वारा उठाए गए पर्यावरणीय कदमों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया है कि दिल्ली में पराली जलाना पूरी तरह से बंद कर दिया गया है और शहर में पहला बायोगैस संयंत्र स्थापित किया है।
CM रेखा गुप्ता ने कहा- "अगर मैं पर्यावरण की दृष्टि से बताऊं तो इस साल पर्यावरण के लिए जो हुआ उससे लोगों को सबसे ज्यादा क्या लगा, सड़कों की एंड-टू-एंड कारपेटिंग का काम शुरू हुआ, नई मशीनरी का इस्तेमाल किया गया ताकि बेहतर सफाई हो सके। हमने दिल्ली में पराली जलाना पूरी तरह से बंद कर दिया और कई चीजें जो पर्यावरण के लिए बेहतर थीं, उन्हें शुरू किया गया। ये सभी काम सिर्फ शुरुआत हैं। कई काम अभी भी होने बाकी हैं। दिल्ली में इतनी सारी समस्याएं हैं, इतनी सारी विरासती समस्याएं हैं, उन सभी को हल करना होगा। और 2025 तो बस एक तैयारी थी। और 2026 में, उन सभी कार्यों को उनकी मंजिल तक ले जाना है, और आगे बढ़ाना है। हमने दिल्ली में जो पहला बायोगैस प्लांट शुरू किया था, आज कई और बायोगैस प्लांट बनाने हैं, हमारे ई-कचरे के लिए एक प्लांट बनाने की जरूरत है, जिसके लिए हमने अब प्रक्रिया शुरू कर दी है।"
CM रेखा गुप्ता ने दिल्ली के विभिन्न इलाकों से कचरे के पहाड़ों को हटाने का वादा किया है। उन्होंने कहा- "दिल्ली में जगह-जगह कूड़े के ढेर हैं, कूड़े के पहाड़ हैं, उन्हें खत्म करना होगा। इस पर बेहतर तरीके से काम करना होगा। जिन्होंने कूड़े के पहाड़ बनाए, आज जब कूड़े के पहाड़ खत्म करने की बात करते हैं तो मैं उन्हें जवाब देना चाहती हूं कि 2026 में दिल्ली के कूड़े के पहाड़ खत्म हो जाएंगे। हम सब मिलकर 2047 के विजन के साथ दिल्ली से जुड़ेंगे। हम दिल्ली के लिए वो सभी काम करेंगे जो यहां की जनता के दिलों में है। दिल्ली की समस्याओं का समाधान हम जरूर करेंगे। मैं आप सभी को शुभकामनाएं देती हूं कि 2026 आप सभी के जीवन में एक नई सुबह लेकर आए, नई खुशियां लाए और दिल्ली सरकार और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता हमेशा आपके साथ हैं।
ये भी पढ़ें- दिल्ली में छोटे अपराधों पर नहीं जाना पड़ेगा जेल... रेखा कैबिनेट ने पास किया नया बिल, जानें डिटेल
VIDEO: अटल कैंटीन में खाने के लिए उमड़ी भारी भीड़, महज 5 रुपये में लोग खा रहे भरपेट खाना
संपादक की पसंद