Tuesday, March 10, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दो वाहनों की टक्कर के बाद सड़क पर होने लगी बहस, तभी स्कूटर से 11 किलोग्राम की चांदी चुरा ले गए चोर

दो वाहनों की टक्कर के बाद सड़क पर होने लगी बहस, तभी स्कूटर से 11 किलोग्राम की चांदी चुरा ले गए चोर

Edited By: Dhyanendra Chauhan @dhyanendraj Published : Oct 13, 2025 12:19 pm IST, Updated : Oct 13, 2025 12:29 pm IST

स्कूटर से 11 किलोग्राम की चांदी चुराए जाने के बाद पीड़ित शख्स ने पुलिस में केस दर्ज कराया है। पुलिस की टीम अब इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : PTI सांकेतिक तस्वीर

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से चोरी की अजीबोगरीब वारदात सामने आई है। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में दो व्यक्तियों के साथ सड़क पर हुई बहस के दौरान एक व्यक्ति के स्कूटर की डिग्गी से लगभग 11 किलोग्राम चांदी चोरी हो गई। चोरी की यह घटना रविवार को जेपीसी अस्पताल के पास हुई। 

स्कूटर से जा रहे थे घर

पुलिस के अनुसार, शाहदरा निवासी रामरतन अग्रवाल (22) ने अपनी शिकायत में बताया कि वह स्कूटर से अपने घर जा रहे थे, तभी उनका वाहन दो अन्य व्यक्तियों के दोपहिया वाहन से टकरा गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच थोड़ी देर बहस हुई, लेकिन आरोपी वहां से चले गए। 

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘घर पहुंचने पर अग्रवाल को पता चला कि स्कूटर की डिग्गी में रखी 11 किलोग्राम चांदी गायब है।’ शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

अलर्ट मोड पर दिल्ली पुलिस

त्योहारी सीजन को लेकर दिल्ली पुलिस अलर्ट मोड पर है। दिल्ली पुलिस ने त्योहारी सीजन से पहले राष्ट्रीय राजधानी के सभी 15 जिलों में शहरव्यापी गश्त की। सीनियर अधिकारी नियमित पुलिसकर्मियों के साथ इस कवायद में शामिल हुए, जिसका उद्देश्य कानून और व्यवस्था सुनिश्चित करना, यातायात नियम उल्लंघन की जांच करना तथा सार्वजनिक सुरक्षा बनाए रखना है। यह गश्त शनिवार और रविवार की मध्य रात्रि में की गई। 

इन इलाकों में की गई गश्त

दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने जारी अभियान का आकलन करने और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों के साथ बातचीत करने के लिए कई चौकियों और अवरोधक लगाए गए क्षेत्रों का दौरा किया। पुलिस ने कहा कि आयुक्त गोलचा ने आईटीओ और शकरपुर समेत प्रमुख स्थानों का दौरा किया तथा बाद में गाजीपुर बॉर्डर पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ जमीनी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की।

(भाषा के इनपुट के साथ)

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement