1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली सरकार के अस्पतालों में अब रात में भी हो सकेगा पोस्टमॉर्टम, सिर्फ संदिग्ध मामले अपवाद

दिल्ली सरकार के अस्पतालों में अब रात में भी हो सकेगा पोस्टमॉर्टम, सिर्फ संदिग्ध मामले अपवाद

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Dec 27, 2022 11:36 pm IST,  Updated : Dec 27, 2022 11:36 pm IST

मनीष सिसोदिया ने कहा कि सीएम अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने ऐतिहासिक सुधार करते हुए दिल्ली में सूर्यास्त के बाद भी शवों का पोस्टमॉर्टम संभव कर दिया है।

Manish Sisodia, Delhi post-mortem, Delhi post-mortem news, Delhi post-mortem hospitals- India TV Hindi
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया। Image Source : PTI

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने मंगलवार को पोस्टमॉर्टम से जुड़ा एक बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने कहा है कि दिल्ली में अब सूर्यास्त के बाद यानी कि रात में भी पोस्टमॉर्टम किया जा सकता है। फैसले को 'ऐतिहासिक सुधार' बताते हुए उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दिल्ली सरकार के अस्पतालों के प्रभारियों को मुर्दाघरों में सभी आवश्यक बुनियादी ढांचा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। हालांकि, उन्होंने कहा कि मौत को लेकर जहां हत्या, आत्महत्या, बलात्कार, या किसी गड़बड़ी का संदेह होगा, उन मामलों में ‘केवल दिन के दौरान पोस्टमॉर्टम करने का प्रावधान किया गया है।’

‘अंगदान और प्रत्यारोपण भी होंगे प्रोत्साहित’

उपमुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि ‘सभी पोस्टमॉर्टम की वीडियो रिकॉर्डिंग’ पूरी रात की जाएगी और इसे भविष्य के संदर्भ और कानूनी उद्देश्यों के लिए संरक्षित किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘राष्ट्रीय राजधानी में एक ऐतिहासिक सुधार करते हुए सीएम अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने दिल्ली में सूर्यास्त के बाद भी शवों का पोस्टमॉर्टम संभव कर दिया है।’ सिसोदिया ने कहा कि यह न केवल मृतकों के रिश्तेदारों की स्थिति में बदलाव करेगा, जिन्हें अकसर शव प्राप्त करने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है, बल्कि ‘अंगदान और प्रतिरोपण को भी प्रोत्साहित करेगा।’

दिल्ली सरकार ने केंद्र को भेजा था प्रस्ताव
बयान में कहा गया कि अंगदान से संबंधित मामलों में पोस्टमॉर्टम प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। इसमें सिसोदिया के हवाले से कहा गया कि दिल्ली सरकार ने सूर्यास्त के बाद अस्पतालों में पोस्टमॉर्टम की मंजूरी के लिए केंद्र सरकार को एक प्रस्ताव भेजा था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।