दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भीषण गर्मी और लू से नागरिकों को बचाने के लिए कई उपाय शुरू किए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि दिल्ली के सभी 13 जिलों में मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट और कूलिंग जोन के जरिए नागरिकों, श्रमिकों, यात्रियों और जरूरतमंद लोगों को गर्मी से बचाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कहा कि हर नागरिक की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना दिल्ली सरकार का उद्देश्य है। भीषण गर्मी के इस दौर में सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ जमीनी स्तर पर काम कर रही है ताकि किसी को भी गर्मी से परेशानी न हो।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट और कूलिंग जोन जैसी पहलें सरकार की जनसेवा की भावना और मानवीय दृष्टिकोण को दर्शाती हैं। दिल्ली सरकार स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। जरूरत पड़ने पर राहत व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। पूरी व्यवस्था राजस्व विभाग की देखरेख में संचालित की जा रही है।
2.65 लाख लोगों की मिली मदद
मोबाइल हीट रिलीफ यूनिटों के माध्यम से 6 से 23 मई के बीच दिल्ली के सभी 13 जिलों में लगभग 2.65 लाख लोगों को गर्मी से राहत दिलाई गई। इस दौरान लोगों को गर्मी और डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए लगभग 1,13,900 लीटर ठंडा पेयजल दिया गया। इसके अलावा, हीटस्ट्रोक और निर्जलीकरण से बचाव के लिए एक लाख से अधिक ओआरएस पैकेट बांटे गए। लोगों को तेज धूप से बचाने के लिए 44,646 गमछे और 30,864 टोपियां भी बांटी गईं।
कूलिंग जोन में सभी जरूरी सुविधाएं
सीएम ने निर्देश दिया कि मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट के वाहनों का स्थान रोज बदला जाए ताकि अधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाई जा सके। यह अभियान जुलाई तक जारी रहेगा। उन्होंने आगे बताया कि कई जगहों पर कूलिंग जोन बनाए गए हैं, जहां लोगों थोड़ी देर आराम कर सकते हैं। इससे उन्हें तेज गर्मी में राहत मिलती है। कूलिंग जोन नागरिकों, रिक्शा चालकों, श्रमिकों और खुले में काम करने वाले लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बनाए गए हैं। हर कूलिंग जोन में 100 लोगों के बैठने की व्यवस्था, ठंडा पेयजल, पांच डेजर्ट कूलर और पांच हई स्पीड फैन लगाए गए हैं, ताकि वातावरण आरामदायक रहे। इसके साथ ही ओआरएस पैकेट, कैप, गमछे और फर्स्ट एड किट भी यहां मौजूद हैं, जिनका इस्तेमाल जरूरतमंद लोग कर सकते हैं।
किस जिले में कितने कूलिंग जोन
कूलिंग जोन का मेंटिनेंस करने और उन्हें सही तरीके से चलाने के लिए हर जोन में 10 सिविल डिफेंस वालंटियर्स भी हैं। पुरानी दिल्ली जिले में पांच, उत्तर-पूर्वी जिले में एक, उत्तरी जिले में एक, पूर्वी जिले में पांच, मध्य-उत्तरी जिले में एक और मध्य जिले में एक कूलिंग जोन हैं। पूरी दिल्ली में कुल 14 कूलिंग जोन हैं। सभी जिलों में इस सप्ताह इस प्रकार की सुविधाएं शुरू की जा रही हैं। मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा कि दिल्ली जैसे महानगर में लोगों को अक्सर एक गिलास ठंडा पानी भी आसानी से नहीं मिल पाता। ऐसे में ये सरकारी पहल सही मायने में राहत प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि इन व्यवस्थाओं को लेकर जनता की प्रतिक्रिया बेहद सकारात्मक रही है और सरकार लू की स्थिति से नागरिकों की रक्षा करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
यह भी पढ़ें-
दिल्ली: गर्मी में ड्यूटी करने वाले ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को बड़ी राहत, AC से लैस हेलमेट और पंखे मिले
दिल्ली: इंडिया गेट के पास कनाडाई नागरिक से 2 बदमाशों ने छीना iPhone, सेल्फी लेते समय हुई घटना