दिल्ली होटल आग हादसा: मालवीय नगर के एक होटल में हुए भीषण आग हादसा मामले में दिल्ली पुलिस ने एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी उस होटल का रसोइया है। जांच में पता चला है कि इस रसोइया की लापरवाही भी आग लगने का एक कारण थी। पुलिस ने कुछ अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में अग्निकांड मामले की वजहों का खुलासा हो सकता है।
कौन है गिरफ्तार हुआ कुक?
दिल्ली पुलिस ने बताया, बीएंडबी के जिस शेफ की गिरफ्तारी हुई है, उसका नाम केशव नेगी है, उसके पिता का नाम बखावर नेगी, उसकी उम्र 65 साल है और वह दिलशाद गार्डन का रहने वाला है। उससे पूछताछ और केस की जांच जारी है।
अग्निकांड में 21 लोगों की हो गई थी मौत
दिल्ली के मालवीय नगर के होटल फ्लरिश स्टे होटल में बुधवार को हुए भीषण अग्निकांड में 21 लोगों की मौत हो गई, कई लोग बुरी तरह से घायल हैं, जिनका इलाज जारी है। जानकारी के मुताबिक हादसे में मारे गए और जख्मी लोगों में कई विदेशी लोग भी शामिल हैं। कहा जा रहा है कि इमारत में ठहरे ज्यादातर लोग ऐसे थे, जिनके परिजनों का होटल के पास में स्थित मैक्स अस्पताल में इलाज चल रहा था।
होटल मालिक गिरफ्तार, हादसे की क्या थी वजह?
मालवीय नगर आग हादसे के बाद पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए फ्लरिश स्टे होटल के मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, होटल संचालन में बड़ी लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के आरोप सामने आए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है। पहली नजर में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात कही जा रही है, तो वहीं सिलिंडर ब्लास्ट भी घटना की वजह बताई जा रही है।
दिल्ली सरकार ने क्या लिया एक्शन
मालवीय नगर हादसे के बाद दिल्ली प्रशासन ने सभी B&B और गेस्ट हाउस की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जो भी नियमों का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। दिल्ली सरकार ने बेड-एंड-ब्रेकफास्ट (B&B) योजना का लाइसेंस जारी करने पर रोक लगा दी है। कहा जा रहा है कि इस योजना का कई जगह गलत इस्तेमाल किया जा रहा था। इस योजना में अधिकतम 6 कमरों में गेस्ट रखने की अनुमति थी, लेकिन लोग 20-30 कमरों तक के होटल चला रहे थे।