नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली बॉर्डर से लश्कर के आतंकी शब्बीर अहमद लोन को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आतंकी लश्कर के स्लीपर सेल के तौर पर काम कर रहा था। उसने कई जगह देश विरोधी पोस्टर चिपकाए थे। उसने ISI के इशारे पर मॉड्यूल बनाया था। फिलहाल स्पेशल सेल उससे पूछताछ कर रही है।
Related Stories
क्या है पूरा मामला?
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के आतंकी और हाल ही में मेट्रो पोस्टर केस में पकड़े गए मॉड्यूल के हैंडलर शब्बीर अहमद लोन को गिरफ्तार किया है। स्पेशल सेल के मुताबिक, न्यू दिल्ली रेंज के डीसीपी प्रवीण त्रिपाठी के नेतृत्व में इंस्पेक्टर सुनील और इंस्पेक्टर धीरज मेहलावत की टीम ने बीती रात गाजीपुर इलाके से इस वांटेड आतंकी को दबोचा।
स्पेशल सेल के मुताबिक, शब्बीर अहमद लोन उसी मॉड्यूल का हैंडलर था, जिसमें पहले आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इन आठ में सात बांग्लादेशी और एक भारतीय नागरिक शामिल था। इसके बाद तमिलनाडु के तिरुप्पुर से छह और बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा गया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से 2300 बांग्लादेशी करंसी, 1400 नेपाली मुद्रा, 5000 पाकिस्तानी मुद्रा, 3000 भारतीय रुपये और एक नेपाली सिम कार्ड बरामद किया गया है। जांच में सामने आया है कि शब्बीर अहमद लोन पहले भी 2007 में स्पेशल सेल द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है, जब उसके पास से AK-47 राइफल और हैंड ग्रेनेड बरामद हुए थे। वह 2015 में भी श्रीनगर में गिरफ्तार हुआ था।
जमानत पर रिहा होने के बाद वह बांग्लादेश भाग गया, जहां उसने नया आतंकी मॉड्यूल तैयार किया। हाल ही में पकड़े गए आरोपी उसी नेटवर्क का हिस्सा बताए जा रहे हैं। स्पेशल सेल के मुताबिक, बांग्लादेश में उसके संपर्क लश्कर-ए-तैयबा के ऑपरेटिव्स से हुए, जिनके कोड नेम अबू हुजैफा और सुमामा बाबर हैं, जो पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े बताए जाते हैं।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी और उसके साथियों ने कोलकाता और दिल्ली में कई जगहों पर पोस्टर लगाकर अपनी गतिविधियों का परीक्षण किया। साथ ही मंदिरों और अन्य संवेदनशील इलाकों की रेकी कर उसकी वीडियो फुटेज पाकिस्तान भेजी गई।
स्पेशल सेल का कहना है कि शब्बीर अहमद लोन एक हार्डकोर और अत्यधिक प्रशिक्षित आतंकी है, जो भारत में आतंकी गतिविधियों को फिर से सक्रिय करने की साजिश रच रहा था। फिलहाल पुलिस आगे की जांच में जुटी है।