1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. Delhi News: दिल्ली के उपराज्यपाल ने सीएम केजरीवाल पर साधा निशाना, "हताशा में लगा रहे झूठे आरोप"

Delhi News: दिल्ली के उपराज्यपाल ने सीएम केजरीवाल पर साधा निशाना, "हताशा में लगा रहे झूठे आरोप"

 Edited By: Swayam Prakash
 Published : Sep 01, 2022 05:51 pm IST,  Updated : Sep 01, 2022 05:51 pm IST

Delhi News: आम आदमी पार्टी (AAP) के भ्रष्टाचार के आरोपों पर दिल्ली के उप राज्यपाल वी के सक्सेना ने गुरुवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर पलटवार किया।

Delhi's Lieutenant Governor V K Saxena and CM Arvind Kejriwal - India TV Hindi
Delhi's Lieutenant Governor V K Saxena and CM Arvind Kejriwal Image Source : FILE PHOTO

Highlights

  • AAP के भ्रष्टाचार के आरोपों पर एलजी का पलटवार
  • मुद्दे से भटकाने वाले तरीके अपना रहे सीएम केजरीवाल
  • दिल्ली के उप राज्यपाल ने ट्वीट कर किया केजरीवाल पर हमला

Delhi News: आम आदमी पार्टी (AAP) के भ्रष्टाचार के आरोपों पर दिल्ली के उप राज्यपाल वी के सक्सेना ने गुरुवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर पलटवार किया। उप राज्यपाल ने कहा कि वह (केजरीवाल) हताशा में विषय से भटकाने वाले तरीके अपना रहे हैं और झूठे आरोप लगा रहे हैं। सक्सेना ने अरविंद केजरीवाल सरकार की अब वापस ली जा चुकी आबकारी नीति 2021-22 के क्रियान्वयन में कथित अनियमितताओं के मामले में जुलाई में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) द्वारा जांच की सिफारिश की थी जिसके बाद दोनों के बीच रिश्तों में तनाव देखा गया। 

दिल्ली के एलजी ने ट्वीट कर किया पलटवार

उप राज्यपाल वी के सक्सेना ने ट्वीट किया, ‘‘मैंने सुशासन की, भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं करने की और दिल्ली की जनता के लिए बेहतर सेवा की वकालत की थी। लेकिन दुर्भाग्य से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी ने हताशा में भटकाने वाले तरीके अपनाए और झूठे आरोप लगाए।’’ उन्होंने ट्विटर पर संक्षिप्त बयान में कहा कि अगर आने वाले दिनों में भी उन पर और उनके परिवार के लोगों पर ‘‘इस तरह के और बेबुनियाद निजी हमले’’ होते हैं तो उन्हें हैरानी नहीं होगी। सक्सेना ने कहा, ‘‘उन्हें (केजरीवाल को) पता होना चाहिए कि मैं किसी भी परिस्थिति में मेरे संवैधानिक कर्तव्यों से नहीं डिगूंगा। दिल्ली की जनता के जीवनस्तर में सुधार की मेरी प्रतिबद्धता अटल है।’’ 

AAP विधायक ने उप राज्यपाल पर लगाए गंभीर आरोप
आम आदमी पार्टी के विधायक दुर्गेश पाठक ने दिल्ली विधानसभा में सक्सेना पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए दावा किया था कि उन्होंने 2016 में खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) के अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल में चलन से बाहर (डीमॉनेटाइज) हो चुके भारतीय मुद्रा के नोटों को बदलवाया था। AAP ने इस मामले में 1,400 करोड़ रुपये का घोटाला होने का आरोप लगाते हुए सक्सेना के खिलाफ CBI जांच की मांग की थी। उप राज्यपाल ने अपने खिलाफ लगे आरोपों को झूठा और मानहानिकारक बताते हुए कुछ AAP नेताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने का फैसला किया है। यह जानकारी बुधवार को उनके कार्यालय के अधिकारियों ने दी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।