राजधानी दिल्ली की सभी 7 लोकसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। यहां पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज, जएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार भी चुनावी मैदान में थे, जिनपर सभी की निगाहें टिकी थीं। उत्तर पूर्वी दिल्ली से कांग्रेस ने कन्हैया कुमार और भाजपा ने मनोज तिवारी को उम्मीदवार बनाया। मनोज तिवारी ने कन्हैया को हरा दिया। वहीं चांदनी चौक से भाजपा ने प्रवीण खंडेलवाल और कांग्रेस ने जयप्रकाश अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया। प्रवीण खंडेलवाल चुनाव जीतने में सफल रहे। उत्तर पश्चिम दिल्ली से भाजपा ने योगेंद्र चंदोलिया को और कांग्रेस ने उदित राज को उम्मीदवार बनाया है। योगेंद्र चंदोलिया ने उदित राज को हरा दिया। नई दिल्ली सीट से भाजपा ने बांसुरी स्वराज और आम आदमी पार्टी ने सोमनाथ भारती को उम्मीदवार बनाया । बांसुरी स्वराज चुनाव जीतने में सफल रहीं। पूर्वी दिल्ली से भाजपा के हर्ष मल्होत्रा ने आम आदमी पार्टी के कुलदीप कुमार को हरा दिया। दक्षिणी दिल्ली से भाजपा ने रामवीर बिधूड़ी ने आप के सहीराम पहलवान को हरा दिया। वहीं पश्चिमी दिल्ली से भाजपा के कमलजीत सहरावत ने आम आदमी पार्टी के महाबल मिश्रा को मात दी है।