1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में डंपर ने क्रेन और ऑटोरिक्शा को मारी टक्कर, HR समेत 4 की मौत, मृतकों में से 3 एक ही परिवार के

दिल्ली में डंपर ने क्रेन और ऑटोरिक्शा को मारी टक्कर, HR समेत 4 की मौत, मृतकों में से 3 एक ही परिवार के

 Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Sep 20, 2026 10:37 pm IST,  Updated : Sep 20, 2026 10:40 pm IST

पुलिस ने डंपर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। ये डंपर नोएडा से दिल्ली की तरफ जा रहा था। हरियाणा के नंबर से पंजीकृत था। हादसे में जान गंवाने वाले सभी मृतकों और घायलों की पहचान हो गई है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : PIXABAY

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के सरिता विहार में रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां एक डंपर ने एक खड़ी क्रेन और यातायात पुलिस के लिए सीसीटीवी लगाने के काम में जुटे कर्मचारियों को ले जा रहे ऑटोरिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे एक कंपनी के मानव संसाधन (HR) प्रबंधक समेत 3 लोगों की मौत हो गई और तीन घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में से तीन एक ही परिवार के सदस्य थे, जो सीसीटीवी लगाने वाली कंपनी के लिए काम कर रहे थे। 

पुलिस की गिरफ्त में आया डंपर चालक

घटना के बाद तड़के 3:20 बजे मौके से फरार हुए डंपर चालक को बाद में पकड़ लिया गया। उन्होंने बताया कि नोएडा से दिल्ली की तरफ जा रहा हरियाणा की पंजीकरण संख्या वाला एक डंपर सड़क किनारे खड़ी क्रेन से टकरा गया। क्रेन का इस्तेमाल यातायात पुलिस के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने वाले मजदूर कर रहे थे, जबकि मजदूरों को ले जाने वाला एक ऑटो-रिक्शा पास ही खड़ा था। 

सीसीटीवी लगाने का काम कर रहे थे मजदूर

क्रेन से टक्कर के बाद डंपर ने ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, हादसे के वक्त मजदूर सीसीटीवी लगाने का काम कर रहे थे, उनमें से दो क्रेन पर थे और कैमरे लगा रहे थे, जबकि अन्य मजदूर ऑटो-रिक्शा के पास और सड़क पर थे। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि कई मज़दूरों को गंभीर चोट आईं। 

सभी मृतकों की हुई पहचान

पुलिस ने बताया कि उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनमें से 4 को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान संगम विहार निवासी उमेश (23), प्रवीण (35), अनूप (26) और मुनीरका के रहने वाले सूरज (34) के रूप में हुई है। 

पुलिस ने घायलों की भी पहचान की

पुलिस के अनुसार, सूरज एक प्रौद्योगिकी कंपनी में एचआर प्रबंधक के रूप में काम कर रहे थे, जबकि प्रवीण और अनूप उसी कंपनी से मजदूर के रूप में जुड़े थे। उन्होंने बताया कि उमेश कंपनी में कार्यरत नहीं था। घायलों की पहचान संगम विहार निवासी आकाश उर्फ तुषार (20) और रोहिणी के रहने वाले खेम सिंह (40) के रूप में हुई है। 

हादसे में जान गंवाने वाले एक ही परिवार के

पुलिस ने कहा कि दोनों का इलाज किया जा रहा है। संगम विहार निवासी एक अन्य मजदूर सुधीर बाल-बाल बच गया। हादसे में जान गंवाने वाले तीन लोग एक ही परिवार के सदस्य थे। प्रवीण के पिता रामदास ने कहा, 'हमने अपना एक युवा बेटा खो दिया। वह करीब 32 साल का था। उसके दो बच्चे हैं, जिनमें से एक लगभग एक साल का और दूसरा लगभग ढाई साल का है।' (भाषा के इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें: 

चुनाव आयुक्त डॉक्टर एसएस संधू को नोटिस पर ERO ने दी सफाई, कहा- नाम फाइनल लिस्ट में शामिल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।