दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक पिता ने साथी के साथ मिलकर अपने ही बेटे को मौत के घाट उतार दिया। इतना ही नहीं हत्या के बाद शव को लावारिस कंटेनर में छोड़कर फरार हो गया। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पिता और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान गुल हसन के रूप में हुई है।
पिता ने साथी के साथ मिलकर रची थी खौफनाक साजिश, दोनों आरोपी गिरफ्तार
यह मामला तब सामने आया जब पुलिस को 23 अगस्त को कालिंदी कुंज स्थित एक कच्ची कॉलोनी के पास लावारिस कंटेनर में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा कि मृतक के सिर के बाएं हिस्से पर गंभीर चोट का निशान था और पास ही खून से सना एक कंक्रीट का पत्थर पड़ा हुआ था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया था। अब पुलिस ने 38 साल के एक व्यक्ति की हत्या के मामले को सुलझाते हुए मृतक के 64 वर्षीय आरोपी पिता तालुकदार अंसारी और उसके 49 वर्षीय सहयोगी मोहम्मद वसीम उर्फ अकरम को गिरफ्तार किया है।
सीसीटीवी से खुला राज, डॉक्टर के पास ले जाने के बहाने की हत्या
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में मृतक गुल हसन दो अन्य व्यक्तियों के साथ लावारिस कंटेनर की ओर जाता हुआ दिखाई दिया, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने दोनों संदिग्धों को गोविंदपुरी स्थित एक सिलाई फैक्ट्री से दबोच लिया।
पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि गुल हसन सिज़ोफ्रेनिया (मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या) से पीड़ित था। पुलिस के अनुसार, वारदात वाले दिन आरोपी पिता और उसका साथी उसे डॉक्टर के पास ले जाने के बहाने लावारिस कंटेनर में ले गए। वहां वसीम ने कथित तौर पर उस पर पत्थर से हमला किया, जिसके बाद दोनों आरोपियों ने मिलकर उसे पीटा और कपड़े की रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को लावारिस कंटेनर के अंदर छोड़ दिया गया। पुलिस ने बताया कि उन्होंने हत्या में इस्तेमाल कथित हथियार, खून से सने कपड़े और गला घोंटने में इस्तेमाल की गई रस्सी बरामद कर ली है। मामले की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें-