1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली: विवेक विहार में AC ब्लास्ट होने से फ्लैटों में लगी भीषण आग, 9 लोगों की मौत, CM रेखा गुप्ता ने जताया दुख

दिल्ली: विवेक विहार में AC ब्लास्ट होने से फ्लैटों में लगी भीषण आग, 9 लोगों की मौत, CM रेखा गुप्ता ने जताया दुख

 Reported By: Abhay Parashar,  Ila Kazmi Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : May 03, 2026 08:40 am IST,  Updated : May 03, 2026 11:57 am IST

दिल्ली के विवेक विहार में लगी भीषण आग में कई लोगों की जान चली गई है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस सर्च ऑपरेशन चला रही है।

Fire- India TV Hindi
विवेक विहार में लगी भीषण आग Image Source : REPORTER INPUT

नई दिल्ली: दिल्ली के विवेक विहार में देर रात 3 फ्लोर में आग लग गई। हर फ्लोर पर 2 फ्लैट हैं यानी कुल 6 फ्लैटों में आग लगी है। इस घटना में 9 लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल हैं। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, AC में ब्लास्ट होने की वजह से ये घटना हुई है।

क्या है पूरा मामला?

दिल्ली के विवेक विहार में देर रात 6 फ्लैटों में अचानक आग लग गई। सुबह 3:47 पर आग लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली, जिसके बाद दमकल की गाड़ियां रवाना की गईं। आग लगने की बाद मौके पर कई लोग फंस गए, जिनको रेस्क्यू करने के लिए रेस्क्यू टीमें जुट गईं। पुलिस और दमकल के मुताबिक, आग पर पूरी तरह काबू पाया जा चुका है। सर्च ऑपरेशन जारी है। बिल्डिंग में 8 परिवार रहते थे।

पुलिस का सामने आया बयान

पुलिस ने बताया कि 3 मई को करीब 3:48 बजे सुबह विवेक विहार पुलिस स्टेशन में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी, विवेक विहार के एसएचओ और एसीपी के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। दमकल और क्राइम टीम भी विवेक विहार फेज-I स्थित परिसर बी-13 पर पहुंची।

पुलिस ने बताया कि परिसर की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल पर स्थित फ्लैटों में आग लगी हुई थी। बचाव और आग बुझाने के अभियान के दौरान इमारत से 10-15 लोगों को बचाया गया, जिनमें से दो लोगों को मामूली चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। डीडीएमए स्टाफ, यातायात अधिकारियों और स्थानीय पुलिस के साथ 12 दमकल गाड़ियां मौके पर मौजूद थीं। आगे की जांच और कार्रवाई की जा रही है।

सीएम रेखा गुप्ता ने जताया दुख

सीएम रेखा गुप्ता ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, "विवेक विहार की एक इमारत में लगी आग की घटना अत्यंत दुखद है। इस हादसे में 9 लोगों की मृत्यु से मन व्यथित है। हादसे में घायल हुए लोगों का नजदीकी अस्पताल में उपचार चल रहा है, उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें यह कठिन समय सहने की शक्ति प्रदान करें। स्थानीय प्रशासन, DDMA, दिल्ली फ़ायर सर्विस और दिल्ली पुलिस के सभी आला अधिकारी राहत और बचाव कार्यों में पूरी तत्परता से जुटे हैं। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और प्रभावितों को हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है। हमारे स्थानीय विधायक और निगम पार्षद भी राहत कार्य में अपना सहयोग कर रहे हैं। दिल्ली सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ हर परिस्थिति में मजबूती से खड़ी है।"

मृतकों की पहचान हुई

  1. अरविंद पुत्र छोटे लाल, निवासी बी 13, दूसरी मंजिल, विवेक विहार, आयु 60 वर्ष
  2. अनीता जैन, पत्नी अरविंद जैन, आयु 58 वर्ष
  3. निशांत जैन, पुत्र अरविंद जैन, आयु 35 वर्ष
  4. अंचल जैन, पत्नी निशांक जैन, आयु 33 वर्ष
  5. मास्टर आकाश जैन, पुत्र निशांक जैन, आयु 1.5 वर्ष
  6. शिखा जैन, पत्नी नवीन, आयु 45 वर्ष
  7. नितिन जैन, आयु लगभग 50 वर्ष
  8. शैले जैन, आयु लगभग 48 वर्ष
  9. सम्यकन जैन, आयु लगभग 25 वर्ष

घायल

नवीन जैन, आयु 48 वर्ष

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।