1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. ट्रैफिक पुलिसकर्मी को रौंदने वाले आरोपी गिरफ्तार, गलती के लिए माफी मांगी, पिता बोले- 'यह हादसा नहीं हत्या'

ट्रैफिक पुलिसकर्मी को रौंदने वाले आरोपी गिरफ्तार, गलती के लिए माफी मांगी, पिता बोले- 'यह हादसा नहीं हत्या'

 Reported By: Shoaib Raza Edited By: Shakti Singh
 Published : Aug 24, 2025 02:43 pm IST,  Updated : Aug 24, 2025 02:43 pm IST

ट्रैफिक पुलिसकर्मी की रौंदने वाली कार में सवार दोनों आरोपियों ने गलती के लिए माफी मांगी है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की जानबूझकर हत्या की गई है।

Delhi Meerut Expressway accused- India TV Hindi
ट्रैफिक पुलिसकर्मी को टक्कर मारने वाले आरोपी Image Source : REPORTER INPUT

दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी को तेज रफ्तार में टक्कर मारने वाली कार में सवार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में आरोपी ड्राइवर सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, दोनों सगे भाई हैं। ट्रैफिक पुलिसकर्मी का जिस गाड़ी से एक्सीडेंट हुआ था, उस गाड़ी को गाजियाबाद के विजयनगर थाने में रखा गया है। यह गाड़ी नई थी, लेकिन हादसे के बाद पूरी तरह डैमेज हो चुकी है। गाड़ी की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि हादसा कितना भयानक था, जिसमें ट्रैफिक पुलिस कर्मी की जान चली गई।

मृतक ट्रैफिक पुलिस कर्मी का नाम विपिन कुमार है, जो बुलंदशहर के खुर्जा का रहने वाला था। मृतक के पिता ने इंडिया टीवी से बातचीत में कहा कि हादसा नहीं बल्कि हत्या की गई है और जानबूझकर उनके बेटे को निशाना बनाया गया है। मृतक के पिता का कहना है कि विपिन के तीन बच्चे हैं। अब सरकार इन बच्चों के भरण पोषण के लिए उचित कदम उठाए। इसके साथ ही उन्होंने आरोपियों के लिए सख्त से सख्त सजा की मांग की है।

क्या है मामला?

शुक्रवार के दिन एक तेज रफ्तार कार ने ट्रैफिक पुलिस के जवान विपिन कुमार को टक्कर मार दी थी। घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे के नेशनव हाईवे-9 एग्जिट प्वाइंट पर एक तेज रफ्तार कार ट्रैफिक पुलिस के जवान को टक्कर मार देती है। टक्कर से ट्रैफिक पुलिसकर्मी हवा में उछल जाता है और लगभग 30 से 40 मीटर तक घसीटते हुए चला जाता है। हादसे में गंभीर रूप से घायल ट्रैफिक पुलिसकर्मी की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

हिस्ट्रीशीटर चला रहा था कार

डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया, "दुर्घटना में कांस्टेबल को गंभीर चोटें आईं। शनिवार देर रात अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। विजय नगर थाने में पहले हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। अब हत्या की धाराएं भी जोड़ी जाएंगी।" वहीं, एडिशनल डीसीपी (ट्रैफिक) सच्चिदानंद ने बताया, "एक्सीडेंट करने वाली अर्टिगा कार विनीत कुमार उर्फ ​​बिन्ने चला रहा था, जो गाजियाबाद का हिस्ट्रीशीटर है। उसका भाई सुमित भी कार में था और उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।