दिल्ली में हो रही भारी बारिश की वजह से द्वारका से नोएडा और वैशाली आने वाली मेट्रो में तकनीकी खराबी आने की वजह से ब्लू लाइन की मेट्रो बाराखंबा में लगभग 50 मिनट तक रूकी रही। मेट्रो में आई तकनीकी खराबी की वजह से मुसाफिरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बता दें कि ब्लू लाइन की मेट्रो से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रा करते हैं। सोमवार की शाम 7:30 बजे से 8:20 बजे तक ब्लू लाइन पर बाराखंभा और इंद्रप्रस्थ स्टेशनों के बीच ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से बाधित रहीं। जानकारी के मुताबिक ओएचई पर एक छोटी पेड़ की टहनी गिर गई।
मेट्रो में आई खराबी को किया गया दुरुस्त
1. इंद्रप्रस्थ से वैशाली/नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी तक अप और डाउन दोनों दिशाओं में नियमित ट्रेन सेवाएं जारी रहीं।
2. बाराखंभा से द्वारका के बीच अप और डाउन दोनों दिशाओं में नियमित ट्रेन सेवाएं जारी रहीं।
3. बाराखंभा और इंद्रप्रस्थ के बीच अप लाइन पर सिंगल लाइन ट्रेन सेवाएं जारी रहीं।
यात्रियों को इसकी जानकारी देने के लिए, ब्लू लाइन पर स्टेशनों और ट्रेनों के अंदर नियमित रूप से घोषणाएँ की गईं। यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक लाइनों का उपयोग करने की भी सलाह दी गई।
बारिश की वजह से बढ़ी परेशानी
दिल्ली में सोमवार को भारी बारिश के कारण जलभराव हो गया और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई, जिससे शहर के कई हिस्सों में यातायात जाम हो गया। नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी रूट पर तकनीकी खराबी के कारण राजीव चौक पर मेट्रो सेवाएं बाधित हैं। बारिश की वजह से सड़क, मेट्रो और हवाई यात्रा में भी व्यवधान आया है। सोमवार शाम को दिल्ली में 'येलो' बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार सुबह 9 बजे हथिनीकुंड बैराज से 3,29,313 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण यमुना का जलस्तर बढ़ जाने से बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है।
गुरुग्राम में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार को गुरुग्राम में भारी से बहुत भारी बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। वहीं, दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर खराब मौसम के कारण कई उड़ानें विलंबित हुईं और कुछ रद्द कर दी गईं। दिल्ली मेट्रो में सोमवार को एक सप्ताह के भीतर तीसरी तकनीकी खराबी आई, जिसके कारण येलो और ब्लू लाइनों पर देरी हुई और कई स्टेशनों पर भीड़भाड़ हो गई।