1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. 15 अगस्त के दिन बदले वक्त पर चलेगी Delhi Metro, जानिए सुबह कितने बजे खुलेगा स्टेशन और कब मिलेगी पहली मेट्रो?

15 अगस्त के दिन बदले वक्त पर चलेगी Delhi Metro, जानिए सुबह कितने बजे खुलेगा स्टेशन और कब मिलेगी पहली मेट्रो?

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Aug 14, 2026 11:31 am IST,  Updated : Aug 14, 2026 11:36 am IST

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिल्ली में होने वाले समारोह को देखते हुए दिल्ली मेट्रो के समय में बड़ा बदलाव किया गया है। आम दिनों में जहां मेट्रो सेवा करीब सुबह 6 बजे शुरू होती है, वहीं 15 अगस्त को सभी कॉरिडोर पर पहली मेट्रो सुबह 4 बजे से उपलब्ध होगी।

15 अगस्त को दिल्ली...- India TV Hindi
15 अगस्त को दिल्ली मेट्रो की टाइमिंग Image Source : ANI/CANVA

देश 15 अगस्त को आजादी का जश्न मनाने के लिए तैयार है। राजधानी दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने भी यात्रियों के लिए खास इंतजाम किए हैं। आम दिनों में जहां मेट्रो सेवा सुबह करीब 6 बजे शुरू होती है, वहीं 15 अगस्त को सभी कॉरिडोर पर मेट्रो करीब दो घंटे पहले यानी सुबह 4 बजे से चलनी शुरू हो जाएगी। इससे लाल किले पर आयोजित समारोह में पहुंचने वाले लोगों को सुबह-सुबह आने-जाने में आसानी होगी।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) के अनुसार, 15 अगस्त को टर्मिनल स्टेशनों से पहली मेट्रो सुबह 4 बजे उपलब्ध होगी। शुरुआती समय में मेट्रो की फ्रीक्वेंसी सामान्य दिनों की तुलना में कम रहेगी। सुबह 4 बजे से करीब 6 बजे तक ट्रेनें हर 30 मिनट के अंतराल पर चलेंगी। इसके बाद करीब 6 बजे से मेट्रो का संचालन अपने सामान्य समय और नियमित फ्रीक्वेंसी के अनुसार होने लगेगा। वहीं, मेट्रो स्टेशन की एंट्री गेट पहली तय ट्रेन के आने से लगभग 10-15 मिनट पहले खुल जाएंगे।  यानी जो लोग स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए सुबह जल्दी निकलना चाहते हैं, उनके लिए मेट्रो सबसे सुविधाजनक विकल्पों में से एक होगी।

इन स्टेशनों से लाल किले पहुंचना आसान

स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन स्थल यानी लाल किले के सबसे नजदीक लाल किला, जामा मस्जिद और दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन हैं। हालांकि, समारोह में आने वाले लोगों को सुरक्षा व्यवस्था और स्टेशन पर भीड़ को ध्यान में रखते हुए एक्स्ट्रा टाइम लेकर चलने की सलाह दी जाती है।

खास मेहमानों को नहीं खरीदना होगा टिकट

स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए रक्षा मंत्रालय की ओर से आमंत्रित विशेष मेहमानों और वैध प्रवेश पत्र रखने वाले लोगों के लिए भी खास व्यवस्था की गई है। उन्हें मेट्रो यात्रा के लिए खुद से QR कोड टिकट खरीदने की जरूरत नहीं होगी। DMRC ने रक्षा मंत्रालय को 1.30 लाख विशेष प्री-वेंडेड QR टिकट उपलब्ध कराए हैं। इसके अलावा, जिन आमंत्रित लोगों के पास रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी वैध फिजिकल एडमिट कार्ड होगा, उन्हें निर्धारित मेट्रो स्टेशनों पर विशेष QR टिकट दिए जाएंगे। इन टिकटों से वे बिना किराया दिए मेट्रो में सफर कर सकेंगे। इस यात्रा का खर्च रक्षा मंत्रालय की ओर से DMRC को दिया जाएगा।

लाल किले के आसपास ट्रैफिक पर भी पाबंदी

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान लाल किले के आसपास सुरक्षा को देखते हुए वाहनों की आवाजाही पर भी प्रतिबंध रहेगा। 15 अगस्त को सुबह 10 बजे तक नेताजी सुभाष मार्ग, लोथियन रोड, एसपी मुखर्जी मार्ग, चांदनी चौक रोड, निषाद राज मार्ग और एस्प्लेनेड रोड समेत कई रास्तों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा 14 अगस्त की आधी रात से 15 अगस्त की सुबह 11 बजे तक निजामुद्दीन खत्ता से वजीराबाद ब्रिज के बीच वाणिज्यिक वाहनों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में बनेंगे 20 लाख नए फ्लैट, 100 से ज्यादा गांव होंगे विकसित; मास्टर प्लान 2047 को मिली मंजूरी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।