दिल्ली में अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस की ओर से चलाए गए एंटी क्राइम ड्राइव में कई बड़ी कार्रवाइयां सामने आई हैं। इस दौरान पुलिस ने चोरी और झपटमारी के करीब 400 मोबाइल फोन और 60 से ज्यादा चोरी के दोपहिया वाहन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने अभियान के दौरान दो नाबालिगों समेत कुल 23 लोगों को पकड़ा है। कार्रवाई में अवैध हथियार और लाखों रुपये के आभूषण भी बरामद हुए हैं।
72 घंटे चला विशेष अभियान
दिल्ली पुलिस ने अपराध के खिलाफ 72 घंटे तक विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, इस दौरान चोरी और झपटमारी के मोबाइल फोन के नेटवर्क का पता लगाने में बड़ी सफलता मिली। अभियान के दौरान अलग-अलग पुलिस टीमों ने चोरी, झपटमारी और वाहन चोरी से जुड़े मामलों में कार्रवाई की।
सुभाष नगर पुलिस ने सबसे ज्यादा फोन बरामद किए
पुलिस के अनुसार, कुल 390 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इनमें सबसे ज्यादा 66 मोबाइल फोन सुभाष नगर पुलिस थाने की टीम ने बरामद किए। इसके बाद एंटी-बर्गलरी सेल ने 54 और जहांगीर पुलिस थाने ने 46 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए।
चोरी के फोन के नेटवर्क का खुलासा
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि टीम ने चोरी और झपटमारी के मोबाइल फोन की खरीद-फरोख्त करने वाले नेटवर्क का पता लगाया है। पुलिस ने सुभाष प्लेस थाने के दो कथित बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनके अलावा चोरी के मोबाइल फोन खरीदने वाले तीन कथित रिसीवर भी पकड़े गए।
12 लाख के आभूषण बरामद
इस कार्रवाई में 54 चोरी और झपटमारी के मोबाइल फोन, करीब 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 65 हजार रुपये नकद, अपराध में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और गिरवी रखे गए सोने के आभूषण बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई से चोरी और झपटमारी के 22 मामलों को सुलझाने में मदद मिली।
पुलिस ने एक आरोपी की मां को भी गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि उसने कथित तौर पर अपने पहचान संबंधी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर चोरी के सोने के आभूषणों को एक गोल्ड लोन कंपनी के पास गिरवी रखा था।
गश्त के दौरान दो झपटमार पकड़े
एक अन्य मामले में अशोक विहार पुलिस ने गश्त के दौरान दो कथित झपटमारों को पकड़ा। दोनों स्कूटर से भागने की कोशिश कर रहे थे। उनके पास से देशी पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस, चाकू, चोरी का मोबाइल फोन और चोरी का स्कूटर बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी कुल 32 आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं।
पैरोल जंपर भी गिरफ्त में
एक अन्य टीम ने एक कथित आदतन अपराधी और पैरोल जंपर को गिरफ्तार किया। वह चोरी की स्कूटी पर सवार मिला था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पांच चोरी के दोपहिया वाहन और पांच चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी 30 से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और पैरोल पर बाहर आने के बाद उसे वापस जेल में आत्मसमर्पण करना था, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया।
दो नाबालिगों से चोरी की बाइक बरामद
मुखर्जी नगर पुलिस की टीम ने CCTV फुटेज की मदद से वाहन चोरी के दो मामलों को सुलझाया। पुलिस ने दो नाबालिगों को पकड़कर उनके पास से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद कीं। एक अन्य कार्रवाई में भारत नगर पुलिस ने एक कथित बदमाश को गिरफ्तार किया। उसके पास से देशी पिस्तौल और जिंदा कारतूस के अलावा सात चोरी के मोबाइल फोन और चार चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए।
(इनपुट- पीटीआई)
ये भी पढ़ेंः दिल्ली पुलिस ने किया बड़े साइबर फ्रॉड रैकेट का भंडाफोड़, नाइजीरियाई महिला समेत 4 अरेस्ट