1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली पुलिस के एक और हेड कांस्टेबल की कोरोना से मौत, अबतक 1 दर्जन से ज्यादा कर्मियों की हो चुकी है मौत

दिल्ली पुलिस के एक और हेड कांस्टेबल की कोरोना से मौत, अबतक 1 दर्जन से ज्यादा कर्मियों की हो चुकी है मौत

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 01, 2020 08:29 pm IST,  Updated : Aug 01, 2020 08:29 pm IST

दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल की कोरोना वायरस संक्रमण से राजीव गांधी सुपर स्पेशियालिटी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

Delhi Police head constable succumbs to COVID-19- India TV Hindi
Delhi Police head constable succumbs to COVID-19 Image Source : FILE

नयी दिल्ली। दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल की कोरोना वायरस संक्रमण से राजीव गांधी सुपर स्पेशियालिटी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि डिफेंस कालोनी थाने में तैनात लीलाधर की मौत शुक्रवार को हुई। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि धर ने 11 जुलाई को हल्का बुखार होने की बात कही थी, जिसके बाद उन्हें नेहरु होम्योपैथी कॉलेज अस्पताल (डिफेंस कालोनी) ले जाया गया जहां जांच में उनके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई।

ठाकुर ने बताया कि लीलाधर को बाद में राजीव गांधी सुपर स्पेशियालिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि हेड कांस्टेबल को 19 जुलाई को आईसीयू में शिफ्ट किया गया, जहां उनका प्लाजमा थेरेपी हुई। अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को लीलाधर की मृत्यु हो गयी। पुलिस ने बताया कि दिल्ली पुलिस के 2,500 से ज्यादा कर्मी अभी तक कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं। उनमें से 2,100 से ज्यादा इलाज के बाद संक्रमण मुक्त होकर ड्यूटी पर लौट आए हैं जबकि एक दर्जन से ज्यादा कर्मियों की कोविड-19 से मौत हुई है।

दिल्ली में 24 घंटे में कोविड-19 के 1118 नए मामले आए

राष्ट्रीय राजधानी में पिछले चौबीस घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,118 मामले सामने आए और 26 मरीजों की मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। दिल्ली में अब तक संक्रमण के कुल 1,36,716 मामले सामने आ चुके हैं जिनमें से 1,22,131 मरीज ठीक हो चुके हैं। वर्तमान में 10,596 मरीज उपचाराधीन हैं जिनमें से 5,560 संक्रमितों को घर पर पृथक-वास में रखा गया है।

दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी अद्यतन बुलेटिन में बताया गया है कि इस महामारी से अब तक 3,989 लोगों की मौत हो चुकी है। बुलेटिन के अनुसार, पिछले चौबीस घंटे में 5,140 आरटीपीसीआर और 13,014 रैपिड एंटीजेन जांच की जा चुकी हैं। बुलेटिन के अनुसार, अब तक कुल 10,50,939 नमूनों की जांच हो चुकी है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।