दिल्ली पुलिस ने बहादुरी, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवा देने वाले अपने जांबाज जवानों को आज (शनिवार को) सम्मानित किया। पुलिस मुख्यालय में आयोजित किए गए विशेष समारोह में पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों को रेस्क्यू करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कार, आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन और नकद इनाम देकर सम्मानित किया। इस दौरान, मालवीय नगर के हौजरानी में हुई आग दुर्घटना में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने वाले 8 पुलिसकर्मियों को असाधारण कार्य पुरस्कार दिया गया, जबकि महरौली में हुए बिल्डिंग हादसे के बाद मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने वाले 2 सिपाहियों को आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन का तोहफा मिला।
मलबे से जान बचाने वालों को प्रमोशन
बता दें कि दिल्ली पुलिस मुख्यालय के विमर्श कॉन्फ्रेंस हॉल में आज एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में बेहतरीन काम करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। साउथ डिस्ट्रिक्ट के महरौली थाने में तैनात कांस्टेबल अंगद सिंह मीणा और कांस्टेबल मनीष कुमार को आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन देकर हेड कांस्टेबल बनाया गया है। इन दोनों ने 30 मई को हुए एक बिल्डिंग हादसे के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर मलबे से लोगों को सुरक्षित निकाला था।
आग हादसे में बचाव कार्य के लिए असाधारण कार्य पुरस्कार
मालवीय नगर के हौजरानी स्थित 'फ्लरिश स्टे' में 3 जून को लगी भीषण आग के दौरान सूझबूझ और बहादुरी से विदेशी नागरिकों समेत कई लोगों की जान बचाने वाले 8 पुलिसकर्मियों को असाधारण कार्य पुरस्कार और 50-50 हजार रुपये का नकद इनाम दिया गया है। पुरस्कार पाने वालों में एसआई राम किशन, हेड कॉन्स्टेबल करतार, हेड कॉन्स्टेबल हरज्ञान, हेड कॉन्स्टेबल दिनेश कुमार, हेड कॉन्स्टेबल संपत, कॉन्स्टेबल सुरेंद्र, कॉन्स्टेबल रवि कांत और कॉन्स्टेबल संजय का नाम शामिल है।
अन्य श्रेणियों में भी मिले अवार्ड
कमिश्नर ने बेहतरीन जांच करने वाले अधिकारियों के साथ-साथ बेस्ट डिवीजन ऑफिसर, बेस्ट बीट ऑफिसर, बेस्ट ट्रैफिक कॉप और बेस्ट पीसीआर टीम के विजेताओं को भी उनके काम के लिए सम्मानित किया। गौरतलब है कि ऐसे सम्मान महज व्यक्तिगत उपलब्धियों को पहचान दिलाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह पूरी पुलिस फोर्स का मनोबल बढ़ाते हैं। मुश्किल हालातों में त्वरित फैसले लेने, बहादुरी दिखाने और लोगों की जान बचाने वाले पुलिसकर्मियों की तारीफ से अन्य जवानों को भी उनसे प्रेरणा मिलती है।
ये भी पढ़ें- मोदी सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी देने के लिए देशभर से चुने 33 IPS अफसर, देखें पूरी लिस्ट