1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. 'आज होने वाले संसद मार्च को लेकर नहीं है कोई अनुमति और न ही दी गई परमिशन', दिल्ली पुलिस का बड़ा बयान

'आज होने वाले संसद मार्च को लेकर नहीं है कोई अनुमति और न ही दी गई परमिशन', दिल्ली पुलिस का बड़ा बयान

 Reported By: Sanjay Sah Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jul 19, 2026 09:23 pm IST,  Updated : Jul 20, 2026 12:08 am IST

दिल्ली पुलिस ने सोमवार को होने वाले संसद की ओर मार्च को लेकर लोगों से खास अपील की है। दिल्ली पुलिस ने कहा कि कोई कानून हाथ में न लें और कानून व्यवस्था को बनाए रखने में सहयोग करें।

दिल्ली पुलिस- India TV Hindi
दिल्ली पुलिस Image Source : PTI- FILE PHOTO

संसद के मानसून सत्र और कॉकरोच जनता पार्टी के सोमवार को प्रस्तावित 'चलो संसद' मार्च से पहले नई दिल्ली जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है। इसके साथ ही नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि कॉकरोच जनता पार्टी के 20 जुलाई को होने वाले संसद मार्च को लेकर कोई अनुमति नहीं मांगी गई है और न ही अनुमति दी गई है। 

दिल्ली पुलिस ने लोगों से की खास अपील

उन्होंने कहा कि संसद का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। उसको लेकर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की है कि कोई कानून हाथ में न लें और कानून व्यवस्था को मेंटेन करने में  सहयोग करें।

दिल्ली पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

पुलिस उपायुक्त (DCP) सचिन शर्मा ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक सार्वजनिक एडवाइजरी जारी की है। इसमें बताया, 'दिल्ली पुलिस स्पष्ट करती है कि इस तरह के किसी भी विरोध मार्च या जुलूस के लिए न तो अनुमति मांगी गई है और न ही दी गई है। नई दिल्ली जिले में बीएनएसएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है।'

5 या उससे अधिक लोगों के इकट्ठे होने पर रोक

एक्स पर जारी एडवाइजरी में बताया गया, 'इसके तहत जंतर-मंतर स्थित निर्धारित प्रदर्शन स्थल को छोड़कर, वह भी पूर्व अनुमति के साथ, विरोध मार्च, जुलूस, प्रदर्शन और 5 या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर सख्त रोक है।'

अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती

दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। बैरिकेड्स लगाए हैं और प्रमुख प्रवेश मार्गों पर वाहनों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि कॉकरोच जनता पार्टी ने प्रस्तावित मार्च के लिए अनुमति नहीं ली है।

कई प्रवेश मार्गों पर लगाए गए बैरिकेड्स

पुलिस के मुताबिक, "हम उच्च सुरक्षा क्षेत्र की ओर किसी भी अनधिकृत मार्च को जाने की अनुमति नहीं देंगे।' पुलिस ने कहा कि संसद सत्र के दौरान एहतियात के तौर पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था जारी रहेगी। नई दिल्ली, मध्य दिल्ली और उत्तर दिल्ली के कुछ हिस्सों में कई प्रवेश मार्गों पर बैरिकेड्स लगाए गए हैं, कड़ी निगरानी और चौबीसों घंटे गश्त के साथ उच्च सुरक्षा क्षेत्र में बदल दिया गया है।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी ने NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर मार्च का आह्वान किया है। इसके बाद दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। 

ये भी पढ़ें: 

सफदरजंग अस्पताल में ही होगा सोनम वांगचुक का इलाज, पत्नी से मिलने की अनुमति, दिल्ली हाईकोर्ट ने मांगी स्टेटस रिपोर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।