1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी सुबह, तापमान 5 डिग्री से नीचे पहुंचा

दिल्ली में इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी सुबह, तापमान 5 डिग्री से नीचे पहुंचा

 Published : Dec 11, 2024 11:33 am IST,  Updated : Dec 11, 2024 12:02 pm IST

अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान 27 दिसंबर 1930 को दर्ज किया गया था, जब न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता का स्तर 64 प्रतिशत रहा, जबकि अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

दिल्ली- India TV Hindi
दिल्ली Image Source : FILE

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में पहाड़ों से आनेवाली ठंडी हवाओं के प्रकोप से तापमान काफी नीचे गिर गया है। राजधानी में बुधवार को इस सर्दी का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। पारा तेजी से गिरकर 5 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया है। जबकि एक दिन पहले न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस था। वहीं बुधवार को तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग (आईएमडी) ने कहा, ‘‘सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सर्दी के मौसम का सबसे कम तापमान है। पिछले साल भी 15 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 4. 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।’’ 

मौसम पूर्वानुमान एजेंसी ने बताया कि स्टेशन पर अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान 27 दिसंबर 1930 को दर्ज किया गया था, जब न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता का स्तर 64 प्रतिशत रहा, जबकि अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

इस बीच, दिल्ली में बुधवार सुबह वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में रही, हालांकि आंकड़ा ‘मध्यम’ श्रेणी के करीब था। सुबह आठ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 207 रहा और एक दिन पहले एक्यूआई 223 दर्ज किया गया था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।