नई दिल्ली: त्योहारी मौसम के दौरान यात्रियों की भारी संख्या को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे ने दिल्ली के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। यात्रियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन और किसी भी तरह की असुविधा से बचाने के लिए उत्तर रेलवे ने व्यापक स्तर पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) जवानों की तैनाती की है।
व्यापक सुरक्षा बल की तैनाती: इस त्योहारी सीजन में उत्तर रेलवे ने कुल 2040 रेलवे सुरक्षा बल के जवानों को तैनात किया है, जिसमें 1300 जवानों की अतिरिक्त तैनाती शामिल है। ये जवान यात्रियों की मदद भी कर रहे हैं।
प्रमुख स्टेशनों पर विशेष निगरानी: यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के लिए नई दिल्ली, आनंद विहार, हजरत निजामुद्दीन और पुरानी दिल्ली स्टेशनों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
24 घंटे निरंतर सेवा: सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए आरपीएफ के ये जवान 24 घंटे ड्यूटी पर उपलब्ध रहेंगे, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और यात्रियों को तत्काल सहायता प्रदान की जा सके।
उत्तर रेलवे अपने सभी यात्रियों से अपील करता है कि वे यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत ड्यूटी पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल के जवानों को दें।

स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बनाया प्लान
बता दें कि दीवाली, भाई दूज और छठ के दौरान यात्रियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी की उम्मीद को देखते हुए, उत्तर रेलवे ने दिल्ली के प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित करने और प्लेटफॉर्म पर अत्यधिक भीड़ से बचने के लिए इंतजाम बढ़ा दिए हैं। इन उपायों में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के रुकने के लिए एक स्थायी जगह (होल्डिंग एरिया) बनाना, छह स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री को अस्थायी रूप से रोकना और पार्सल सेवाओं पर पाबंदियां लगाना शामिल है।
इन इंतजामों का मकसद त्योहारों के समय होने वाली भारी भीड़ को संभालना है, खासकर उन यात्रियों के लिए जो उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा की यात्रा कर रहे हैं। रेलवे अधिकारी विशेष ट्रेनों की संख्या भी बढ़ा रहे हैं और यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों को तैनात कर रहे हैं। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर, अजमेरी गेट की तरफ प्लेटफॉर्म 16 के बाहर यात्रियों के रुकने के लिए एक स्थायी जगह बनाई गई है। इसका उद्देश्य प्लेटफॉर्म की ओर जाने से पहले यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित करना है।

6 रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री बंद
उत्तर रेलवे ने त्योहारों के दौरान भारी भीड़ की संभावना वाले छह स्टेशनों पर 3 नवंबर से 14 नवंबर, 2026 तक प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर रोक लगा दी है।
ये स्टेशन इस प्रकार हैं:
- नई दिल्ली रेलवे स्टेशन
- पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन
- हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन
- गाजियाबाद रेलवे स्टेशन
- आनंद विहार टर्मिनल
- आनंद विहार हॉल्ट
ये भी पढ़ेंः प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर रोक, मुंबई के 5 सबसे प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 15 नवंबर तक बंद रहेंगी सेवाएं