1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, कई इलाकों में चल रही तेज हवाएं, बारिश की संभावना

दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, कई इलाकों में चल रही तेज हवाएं, बारिश की संभावना

 Published : Jun 06, 2024 11:29 pm IST,  Updated : Jun 07, 2024 06:23 am IST

दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम का मिजाज बदलने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। बुधवार रात को भी हल्की बारिश हुई थी।

दिल्ली में देर रात मौसम बदला- India TV Hindi
दिल्ली में देर रात मौसम बदला Image Source : ANI

नई दिल्लीः दिल्ली-नोएडा समेत पूरे एनसीआर में गुरुवार देर रात मौसम का मिजाज बदल गया। कई इलाकों में धूल भरी आंधी चल रही है। आकाश में बादल छाए हुए हैं। मौसम में बदलाव आने की वजह से लाखों लोगों को गर्मी से राहत मिली है। दिल्ली और नोएडा में तेज हवाएं चल रही हैं। दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ घंटे में हल्की बारिश हो सकती है। इससे पहले बुधवार देर रात को भी दिल्ली-एनसीआर में बारिश हुई थी।

अगले कुछ घंटे में हो सकती है बारिश

इससे पहले मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया था कि राष्ट्रीय राजधानी में देर शाम हल्की बारिश के साथ धूल भरी आंधी या गरज के साथ बूंदाबांदी होने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण दिल्ली में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। 

शुक्रवार को भी हो सकती है बारिश

मौसम विभाग ने शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने, धूल भरी आंधी या गरज के साथ हल्की वर्षा होने तथा 25 से 35 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 43 और 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। बृहस्पतिवार देर रात भी राष्ट्रीय राजधानी में बारिश और धूल भरी आंधी चली, जिससे दिल्लीवासियों को भीषण गर्मी से राहत मिली। 

पारा गिरकर 41.2 डिग्री पर पहुंचा

इससे पहले दिल्लीवासियों को बृहस्पतिवार को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 41.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक था। आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, बृहस्पतिवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम रहा।

दिल्ली में पारा गिरकर 41.2 पर पहुंचा

 राष्ट्रीय राजधानी के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिल्ली के अन्य मौसम केंद्रों जैसे नजफगढ़ और नरेला में अधिकतम तापमान क्रमशः 44.4 डिग्री सेल्सियस और 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुलेटिन में कहा गया है कि आया नगर स्टेशन पर अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस, रिज इलाके में 40.6 डिग्री सेल्सियस और पालम में 42.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। 

इनपुट- भाषा के साथ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।