नई दिल्ली: उत्तर-पश्चिम दिल्ली के अशोक विहार से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 9 जुलाई को एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पांच बच्चों को पुलिस ने पकड़ा है। बताया जा रहा है कि गलती से कुछ लड़कों पर कीचड़ उछलने के बाद उन्होंने 34 साल के बंसी लाल की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। फिलहाल पुलिस ने पांच नाबालिगों को पकड़ा है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
बेहोशी की हालत में मिला था शख्स
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित पुरानी दिल्ली की लाला लाजपत राय मार्केट में एक CCTV की दुकान पर काम करता था। उन्होंने बताया कि केशव पुरम की तरफ प्रेम बारी पुल के पास कुछ दिन पहले वह बेहोशी की हालत में मिला था। उसके सीने, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू के कई घाव थे। आनन-फानन में उसे तुरंत दीप चंद बंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया।
गलती से कीचड़ उछलने पर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, नहर के पास का इलाका कीचड़ और गंदगी से भरा रहता था और अक्सर लोग वहां खुले में शौच करते थे। घटना वाले दिन बंसी लाल कीचड़ वाली जगह से गुजर रहा था। इसी दौरान गलती से वहां से गुजर रहे लड़कों के एक समूह पर कीचड़ उछल गया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई। देखते ही देखते यह बहस हिंसक झड़प में तब्दील हो गई।
चाकू से हमला करके की हत्या
पुलिस ने बताया कि झगड़े के दौरान, कथित तौर पर नाबालिगों में से एक ने चाकू निकाला और बंसी लाल पर कई बार चाकू से हमला कर दिया। उसके साथ मौजूद अन्य लड़कों ने उसकी मदद की और हमले में उसका साथ दिया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी लड़के मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पांचों नाबालिगों को पुलिस ने पकड़ा
घटना की जांच करते हुए पुलिस ने इलाके में लगे तमाम CCTV फुटेज खंगाले। इसके अलावा पुलिस ने स्थानीय जानकारी के आधार पर उन पांचों नाबालिगों की पहचान की। बाद में पुलिस ने पांचों नाबालिगों को पकड़ लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी जब्त कर लिया है। पुलिस की टीम आरोपी नाबालिगों से पूछताछ में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें-