1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. पत्नी को 4 घंटे तक मुर्गा बनाया, एसिड से जलाकर मारने की धमकी दी, मायके गई तो चाकू से हमला किया

पत्नी को 4 घंटे तक मुर्गा बनाया, एसिड से जलाकर मारने की धमकी दी, मायके गई तो चाकू से हमला किया

 Reported By: Saket Rai, Edited By: Shakti Singh
 Published : May 30, 2026 11:13 pm IST,  Updated : May 30, 2026 11:13 pm IST

आरोपी ने पत्नी को चार घंटे तक मुर्गा बनाकर रखा। इस दौरान उसे बेल्ट से पीटा, मुक्के और लात मारी। पत्नी भागकर मायके गई तो वहां भी पहुंच गया और चाकू से हमला कर दिया।

Accused arbaz- India TV Hindi
आरोपी अरबाज (बाएं), पत्नी के घाव (दाएं) Image Source : REPORTER INPUT

मुंबई में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को चार घंटे तक मुर्गा बनाकर रखा। पत्नी उकड़ू बैठी हुई थी और उसे असहनीय दर्द हो रहा था। इस हालात में वह उसे बेल्ट से पीटता रहा। आरोप है कि उसने पत्नी को लात और मुक्के भी मारे। आरोपी ने अपनी पत्नी को एसिड फेंककर जान से मारने की धमकी भी दी है। मामला मुंबई के आरसीएफ पुलिस स्टेशन क्षेत्र का है। आरोपी अरबाज सैयद ने पहले अपनी पत्नी को तलवार से मारने और उस पर एसिड फेंकने की धमकी देकर घर में बंद कर दिया। इसके बाद उसे 4 घंटे तक मुर्गा बनकर रहने के लिए मजबूर किया।

पत्नी किसी तरह घर से भागकर अपने मायके पहुंची। इसके बाद आरोपी मायके पहुंच गया। वहां हंगामा किया और पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस को सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी उम्र 25 साल है। अरबाज सैयद के खिलाफ पहले से 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

एक कान से सुन नहीं पा रही पीड़िता

पीड़िता को एक कान से सुनाई नहीं दे रहा है और पूरा शरीर दर्द से भरा है। उसने बताया कि मुर्गा बनाने से पहले आरोपी उसे रेलवे ट्रैक पर ले गया था, जहां उसने ट्रेन के सामने फेंकने की धमकी थी। लगभग दो घंटे तक वह पटरी किनारे ड्रामा करता रहा, लेकिन ट्रेन नहीं आई तो वापस घर ले आया। पीड़िता के हाथ में चाकू लगने के बाद छह टांके आए हैं। उसकी कलाई और पैर में भी चाकू से कटने के कई निशान हैं।

पहले से दर्ज हैं 19 मामले

अरबाज सैयद एक हिस्ट्रीशीटर है, उसके खिलाफ पहले से 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरसीएफ पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पत्नी का बयान दर्ज किया गया है और वह अस्पताल में इलाज करा रही है। बच्चे को भी सुरक्षा में रखा गया है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज किया गया है।

यह भी पढ़ें-

महाराष्ट्र: पिंपरी चिंचवड में जहरीली शराब से 14 लोगों की मौत, तीन पुलिस कर्मी सस्पेंड, घटना की 5 खास बातें

रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया राजस्व अधिकारी, अपने अफसर के लिए भी मांगी थी घूस

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।