1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में कभी भी आ सकती है बाढ़! खतरे के निशान पर यमुना का जलस्तर, कई इलाकों में अलर्ट

दिल्ली में कभी भी आ सकती है बाढ़! खतरे के निशान पर यमुना का जलस्तर, कई इलाकों में अलर्ट

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jul 24, 2025 11:55 am IST,  Updated : Jul 24, 2025 12:19 pm IST

दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है।

दिल्ली पर मंडरा रहा है बाढ़ का संकट- India TV Hindi
दिल्ली पर मंडरा रहा है बाढ़ का संकट Image Source : PTI

देश के ज्यादातर हिस्से में इस समय तेज बारिश हो रही है। उत्तर भारत और दक्षिण भारत के राज्यों में मूसलाधार बारिश से जन-जीवन अस्त व्यस्त है। आज भी मौसम विभाग ने कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस बीच, देश की राजधानी दिल्ली पर एक बार फिर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है, क्योंकि हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।

यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के करीब

दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान (205.33 मीटर) के करीब पहुंच गया है। बुधवार शाम 4 बजे यमुना का जलस्तर 204.13 मीटर दर्ज किया गया था। हालांकि, शाम 7 बजे से जलस्तर में थोड़ी कमी देखी गई, लेकिन पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। लोहे वाले पुल के पास पानी चेतावनी रेखा के करीब पहुंच गया है।

हथिनीकुंड बैराज से लगातार छोड़ा जा रहा पानी

हरियाणा में हथिनीकुंड बैराज में पानी का स्तर लगातार बढ़ा हुआ है, जिसके चलते वहां से लगातार पानी दिल्ली की तरफ छोड़ा जा रहा है। मंगलवार को 31,569 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था, जो बुधवार को दिल्ली पहुंचा। इसके बाद बुधवार को ही 54,707 क्यूसेक पानी और छोड़ा गया है, जिसके अगले कुछ घंटों में दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है। इस अतिरिक्त पानी के कारण यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर सकता है।

निचले इलाकों में अलर्ट जारी

बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। यमुना के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क और सावधान रहने की अपील की गई है। अगर यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार करता है तो हाथी घाट, एमनेस्टी मार्केट, मजनूं का टीला, यमुना विहार, सोनिया विहार और यमुना खादर जैसे निचले इलाकों में पानी भरने का सबसे ज्यादा खतरा है।

देश के अन्य हिस्सों में भी बारिश का कहर

दिल्ली के अलावा देश के कई अन्य राज्यों में भी मानसून की तेज बारिश से बुरा हाल है। मौसम विभाग ने आज भी कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

  • उत्तर प्रदेश के 31 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
  • मुंबई तेज बारिश से हाल बेहाल है।
  • ओडिशा के भुवनेश्वर में भी मूसलाधार बारिश से लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
  • जम्मू-कश्मीर के पुंछ में नदियां और नाले उफान पर हैं।
  • पंजाब के मोगा में तेज बारिश के बाद लोगों के घरों में पानी भर गया है।
  • बेंगलुरु में बारिश से सड़क पर पेड़ गिर गया।
  • राजस्थान में बारिश से तबाही मची हुई है।
  • मध्य प्रदेश के मैहर में सड़क बह जाने से लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है।

ये भी पढ़ें-

देशभर में मॉनसून का असर, दिल्ली, यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

गोरखपुर: महिला सिपाहियों के आरोपों के बाद PTI निलंबित, ADG बोले- बाथरूम में कैमरे की बात झूठी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।