Heatwave in Delhi: देश की राजधानी दिल्ली में गर्मी ने अपना सितम दिखाना शुरू कर दिया है। रोज का रोज गर्मी बढ़ती जा रही है। मंगलवार को दिल्ली भीषण गर्मी की चपेट में रही। सफदरजंग बेस स्टेशन पर अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है। आने वाले दिनों में दिल्ली में भीषण लू (Heatwave) चलने का अलर्ट है।
आज से दिल्ली में चलेगी लू
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गर्मी को लेकर अभी से लोगों को चेता दिया है। आईएमडी ने बुधवार यानी 22 अप्रैल से 24 अप्रैल तक शहर में लू चलने की भविष्यवाणी की है, जिसमें अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
स्कूलों के लिए गाइडलाइन जारी
भीषण गर्मी और लू के बढ़ते खतरे को देखते हुए दिल्ली सरकार ने राजधानी के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। दिल्ली शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी निर्देशों में छात्रों को लू से बचाने के लिए विशेष सावधानियां बरतने को कहा गया है। नई गाइडलाइन के तहत स्कूलों में हर 45 से 60 मिनट के बीच ‘वॉटर बेल’ बजाना अनिवार्य किया गया है, ताकि छात्र नियमित रूप से पानी पी सकें और डिहाइड्रेशन से बच सकें। इसके साथ ही स्कूलों में ‘बडी सिस्टम’ लागू करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें छात्रों को जोड़ी बनाकर एक-दूसरे के स्वास्थ्य पर नजर रखने को कहा गया है।
खुले मैदान में न की जाएं खेलकूद की गतिविधियां
सरकार ने सभी स्कूलों को खुले मैदान में कक्षाएं और खेलकूद गतिविधियां फिलहाल बंद रखने के निर्देश दिए हैं। सुबह की प्रार्थना सभा भी खुले मैदान की बजाय कक्षा या छायादार स्थान पर कराने को कहा गया है। स्कूलों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि छात्रों के लिए स्वच्छ और ठंडे पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध रहे।
अभिभावकों के लिए भी सलाह
इसके अलावा अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे बच्चों को हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनाकर स्कूल भेजें। साथ ही स्कूल प्रशासन को लू के लक्षणों की जानकारी देने और जरूरत पड़ने पर प्राथमिक उपचार की व्यवस्था रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जानिए दिल्ली के अलग-अलग इलाकों का तापमान
दिल्ली के तापमान की बात करे तों मंगलवार को पालम में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य) दर्ज किया गया, जबकि लोधी रोड पर 39.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा, जो सामान्य से 2.0 डिग्री अधिक है। रिज स्टेशन सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक है। इसके बाद आयानगर में 39.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक है।