नई दिल्ली: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में लगातार प्रदर्शन जारी है। रविवार को भी दिल्ली में कई संगठनों की ओर से प्रदर्शन किया गया। हालांकि इस प्रदर्शन में दिल्ली पुलिस के कई कर्मचारी घायल भी हो गए। जानकारी के मुताबिक दिल्ली में रविवार के प्रोटेस्ट में करीब 15 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इस दौरान कुछ महिला पुलिसकर्मियों के हाथ में भी काटा गया है। वहीं करीब 110 लोग डिटेन किए गए हैं।
आम आदमी पार्टी के कई कार्यकर्ता डिटेन
दरअसल, रविवार को इंडिया गेट पर प्रदर्शन करने के दौरान आम आदमी पार्टी के कई कार्यकर्ताओं और नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। भाजपा ने आप पर "दिल्ली के राजनीतिक माहौल को खराब करने" और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने का आरोप लगाया। आप ने कहा कि पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज, विधायक संजीव झा और कुलदीप कुमार तथा इसकी इकाई ASAP के 25 कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों को हिरासत में लिया गया। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि हिरासत में लिए जाने के दौरान उसके नेताओं के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की की गई और उन्हें बसों में ले जाया गया।
AISA ने भी किया प्रदर्शन
वहीं दिल्ली में वोटर लिस्ट के 'स्पेशल इंटेंसिव रिविजन' (SIR) को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी रहने के दौरान, दिल्ली पुलिस ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर के पास विरोध प्रदर्शन कर रहे AISA के कई सदस्यों को हिरासत में ले लिया। AISA की अध्यक्ष नेहा बोरा और वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण और कपिल सिबल समेत कई प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर के पास पुलिस बैरिकेड्स तोड़ने और आगे बढ़ने की कोशिश की।
युवा कांग्रेस ने निकाला मशाल जुलूस
दूसरी तरफ भारतीय युवा कांग्रेस ने भी सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तथा शांतिपूर्ण प्रदर्शनों के लिए जंतर-मंतर को फिर से प्रदर्शन स्थल के रूप में बहाल करने की मांग करते हुए रविवार को दिल्ली में मशाल जुलूस निकाला। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां, पोस्टर और तिरंगा लेकर रायसीना रोड स्थित संगठन के कार्यालय से जंतर-मंतर की ओर मार्च करने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन आयोग और सीईसी कुमार के खिलाफ नारे लगाए। यह विरोध प्रदर्शन दिल्ली पुलिस द्वारा युवा कांग्रेस को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति देने से इनकार किए जाने के कुछ दिन बाद हुआ।
यह भी पढ़ें-
'अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा, अपना राजनीतिक हक लेगा', यूपी चुनाव को लेकर ओवैसी का बड़ा बयान