1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली-NCR में रात को होगी झमाझम बारिश, मंगलवार के लिए भी जारी हुआ येलो अलर्ट, जानिए मौसम विभाग का अपडेट

दिल्ली-NCR में रात को होगी झमाझम बारिश, मंगलवार के लिए भी जारी हुआ येलो अलर्ट, जानिए मौसम विभाग का अपडेट

 Published : Jul 27, 2026 11:46 pm IST,  Updated : Jul 28, 2026 12:03 am IST

दिल्ली-एनसीआर में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। साथ ही बारिश को लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

आसमान में घने काले बादल और छाता लिए खड़ा शख्स- India TV Hindi
आसमान में घने काले बादल और छाता लिए खड़ा शख्स Image Source : PTI

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार दोपहर हुई बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। दिल्ली के अलावा एनसीआर क्षेत्र में भी सोमवार को बादल छाए रहे, कई जगहों पर हल्की बारिश हुई है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर को लेकर मंगलवार के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही बताया कि सोमवार रात भी दिल्ली एवं एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की संभावना है।

सोमवार शाम दिल्ली के इन हिस्सों में हुई बारिश

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि सोमवार शाम साढ़े पांच बजे तक दिल्ली में सबसे अधिक 19.4 मिमी बारिश रिज क्षेत्र में दर्ज की गई। इसके अलावा लोधी रोड पर 11.5 मिमी और शहर के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में 8.0 मिमी बारिश हुई। दिल्ली के अलावा एनसीआर के बाकी हिस्सों में भी हल्की बारिश हुई। 

मंगलवार को छाए रहेंगे बादल और होगी बारिश

इस बीच, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने सोमवार रात दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक, बिजली कड़कने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इसके साथ ही आईएमडी ने मंगलवार के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। विभाग के अनुसार, दिनभर आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और बारिश होने की संभावना है।

नोएडा के कई हिस्सों में सोमवार शाम हुई बारिश

सोमवार शाम नोएडा के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश हुई। दिन से ही आसमान में काले बादल छाए हुए थे। सोमवार शाम हुई हल्की फुहार के चलते लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।

उत्तराखंड के 9 जिलों में बारिश का अलर्ट

वहीं, दूसरी ओर मौसम विभाग ने उत्तराखंड में अधिकतर जिलों के कुछ क्षेत्रों में मंगलवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, उधमसिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ एवं नैनीताल जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। 

सतर्क रहने और सावधानी बरतने के निर्देश

उत्तराखंड के इन जिलों में बादल गरजने के साथ ही आकाशीय बिजली चमकने के साथ बारिश का अनुमान है। राज्य के शेष जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना के साथ 'यलो अलर्ट' जारी किया गया है।  मौसम विभाग से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि अलर्ट के मद्देनजर जिला प्रशासनों को सतर्क रहने और सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। (भाषा के इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें: 

CJP प्रोटेस्ट में शामिल लोगों को फेशियल रिकग्निशन टेक्नोलॉजी से नहीं पकड़ रही पुलिस, दिल्ली पुलिस ने वायरल मैसेज को बताया झूठा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।