1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. द्वारका अग्निकांड में पिता और दो बच्चों ने कैसे गंवा दी जान, मौत का लाइव VIDEO है भयावह

द्वारका अग्निकांड में पिता और दो बच्चों ने कैसे गंवा दी जान, मौत का लाइव VIDEO है भयावह

 Reported By: Kumar Sonu Edited By: Malaika Imam
 Published : Jun 10, 2025 04:43 pm IST,  Updated : Jun 10, 2025 08:28 pm IST

द्वारका अग्निकांड का एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि पिता और दो बच्चों ने आग से बचने के चक्कर में कैसे जान गंवा दी।

द्वारका अग्निकांड का वीडियो- India TV Hindi
द्वारका अग्निकांड का वीडियो

दिल्ली के द्वारका सेक्टर-13 स्थित सपथ सोसाइटी की इमारत में आग लगने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। पिता और दो बच्चों की मौत कैसे हुई इसका वीडियो सामने आया है। दरअसल, रिहायशी इमारत की आठवीं और नौवीं मंजिल पर आग लगी थी। आग से बचने के लिए एक शख्स और उसके दो बच्चे इमारत से कूद गए और उनकी जान चली गई। वीडियो में देखा जा सकता है कि अपार्टमेंट बिल्डिंग आग की लपटें और घना धुआं से घिरी हुई है। इस आग से बचने के लिए पिता और दो बच्चों ने बालकनी से छलांग लगा दी और उनकी मौत हो गई।

आठवीं मंजिल की बालकनी से लगाई छलांग  

पुलिस के अनुसार, दो बच्चे (10 से 12 साल की उम्र का एक लड़का और एक लड़की) खुद को बचाने के लिए आठवीं मंजिल की बालकनी से कूद गए। घायल अवस्था में उन्हें आकाश अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। बाद में उनके पिता यश यादव (35) ने भी उसी बालकनी से छलांग लगा दी। उन्हें आईजीआई अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। यश यादव की पत्नी और भतीजी को भी घायल अवस्था में आकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यादव का फ्लेक्स बोर्ड का कारोबार था। यह परिवार इमारत की ऊपरी दो मंजिलों पर डुप्लेक्स में रहता है।

हाउसिंग अपार्टमेंट की 8वीं और 9वीं मंजिल पर लगी थी आग 

पुलिस ने बताया कि आग एमआरवी स्कूल के पास स्थित हाउसिंग अपार्टमेंट की आठवीं और नौवीं मंजिल पर लगी। दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, विभाग को सुबह 10.01 बजे आग लगने की सूचना मिली। शुरू में दमकल की आठ गाड़ियां मौके पर भेजी गई थी, लेकिन आग की भीषण स्थिति स्पष्ट होने पर दमकल की और गाड़ियां घटनास्थल भेजी गईं। आग को काफी दूर से देखा जा सकता था। मौके पर मौजूद एक अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि ऊपरी मंजिलों से काला धुआं निकल रहा था और सातवीं मंजिल के फ्लैट से लपटें निकल रही थीं।

सोसाइटी के सभी लोगों को निकाला गया बाहर 

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में राहगीरों को अपने मोबाइल फोन पर आग की तस्वीरें लेते हुए देखा जा सकता है। एक महिला द्वारा पास की इमारत से रिकॉर्ड किए गए वीडियो में एक आवाज़ सुनाई दे रही है, जिसमें कहा गया है, "भगवान उनकी मदद करें!" एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "सोसाइटी के सभी लोगों को बाहर निकाल लिया गया है और बिजली और पीएनजी कनेक्शन जैसी सभी आवश्यक सेवाएं बंद कर दी गई हैं।"

निचली मंजिल वाले लोग जल्दी बाहर निकल गए 

पुलिस अधिकारी ने कहा कि दिल्ली विकास प्राधिकरण और दिल्ली नगर निगम को इमारत की संरचनात्मक स्थिरता का आकलन करने के लिए सूचित कर दिया गया है। जो लोग इमारत से बाहर निकल पाए, उन्होंने अंदर फंसे लोगों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की। छठी मंजिल पर मौजूद लोगों को खिड़कियां तोड़ते देखा गया। जो लोग निचली मंजिलों पर थे, वे जल्दी बाहर निकलने में कामयाब रहे। लेकिन जो लोग ऊपर थे, उन्हें बहुत मुश्किलों का सामना करना पड़ा। एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया, “हमने देखा कि कुछ लोग बालकनी पर चढ़कर मदद के लिए संकेत देने की कोशिश कर रहे थे।" आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। आग बुझाने का काम अब भी जारी है और घटनास्थल पर एक दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियां तैनात हैं। (भाषा इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें-

उद्धव-राज ठाकरे के साथ आने पर संजय राउत का बड़ा बयान, कहा- 'कोई अहंकार नहीं'

राजा रघुवंशी मर्डर केस में बड़ा खुलासा: पति की हत्या के बाद 25 मई को शिलांग से इंदौर पहुंची थी सोनम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।