1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. IMD Alert: दिल्ली में भीषण ठंड के बीच होगा नए साल का स्वागत, 4 डिग्री तक कम हो जाएगा टेंपरेचर

IMD Alert: दिल्ली में भीषण ठंड के बीच होगा नए साल का स्वागत, 4 डिग्री तक कम हो जाएगा टेंपरेचर

 Published : Dec 29, 2022 10:09 pm IST,  Updated : Dec 29, 2022 10:09 pm IST

31 दिसंबर से राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान में एक बार फिर गिरावट शुरू होने का अंदेशा जताया गया है। पहली से चार जनवरी तक दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में घना कोहरा छाये रहने और शीतलहर चलने के आसार हैं।

delhi cold wave- India TV Hindi
दिल्ली में कड़ाके की ठंड Image Source : PTI

IMD Alert: नव वर्ष की पूर्व संध्या पर दिल्ली के अधिकतर हिस्से शीत लहर और भीषण ठंड की चपेट में होंगे तथा जनवरी की शुरुआत में यहां सर्दी का सितम और बढ़ने के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार को यह पूर्वानुमान व्यक्त किया। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली सहित पूरा उत्तर भारत अभी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में है और खाड़ी क्षेत्र से बहने वाली गर्म नम हवाओं के कारण यहां लोगों को ठंड से हल्की राहत मिली है।हालांकि मौसम विज्ञानियों ने 31 दिसंबर से राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान में एक बार फिर गिरावट शुरू होने का अंदेशा जताया है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी शनिवार को न्यूनतम तापमान घटकर 6 डिग्री सेल्सियस हो जाएगा, जबकि सोमवार (दो जनवरी) को पारा 4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़कने के आसार हैं। पहली से चार जनवरी तक दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में घना कोहरा छाये रहने और शीतलहर चलने के आसार हैं। दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला में गुरुवार को न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बुधवार को यह 6.3 डिग्री सेल्सियस, मंगलवार को 5.6 डिग्री और सोमवार को 5 डिग्री सेल्सियस था। आईएमडी के मुताबिक, यहां आज अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री रहा जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है।

delhi cold wave
Image Source : PTIदिल्ली में कड़ाके की ठंड

रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि अन्य इलाकों में घना या बहुत घना कोहरा छाए रहने के कारण दिल्ली आने वाली 14 ट्रेनों में देरी हुई। मौसम विज्ञानियों ने कहा कि उत्तर-पश्चिम से बहने वाली सर्द हवाओं और कोहरे से धूप की तीव्रता में कमी के कारण उत्तर-पश्चिम भारत में पिछले दिनों में शीत लहर और सामान्य से कम तापमान का दौर देखने को मिला था। उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण 25-26 दिसंबर को पहाड़ों में फिर से बर्फबारी हुई जबकि, पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव खत्म होने के बाद मैदानी इलाके सर्द उत्तर-पश्चिमी हवाओं की गिरफ्त में आ गए।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, एक नए पश्चिमी विक्षोभ से उत्पन्न समान परिस्थितियों के कारण दिल्ली को जनवरी की शुरुआत में फिर भीषण ठंड का सामना करना पड़ेगा। एक ठंडा दिन वह होता है, जिसमें न्यूनतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस कम या इसके बराबर, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस कम होता है। अत्यधिक ठंडा दिन वह होता है, जिसमें अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक कम दर्ज किया जाता है।

delhi cold wave
Image Source : PTIदिल्ली में कड़ाके की ठंड

आईएमडी के मुताबिक, शून्य से 50 मीटर तक दृश्यता ‘बहुत घने’, 51 मीटर से 200 मीटर तक ‘घने’, 201 मीटर से 500 मीटर तक ‘मध्यम’ और 501 मीटर से 1000 मीटर तक दृश्यता ‘हल्के’ कोहरे की श्रेणी में आती है। मैदानी इलाकों में यदि न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है या फिर 10 डिग्री सेल्सियस या इससे नीचे और सामान्य से 4.5 डिग्री कम हो जाता है, तो मौसम विभाग शीत लहर की घोषणा करता है। वहीं, गंभीर शीत लहर का दौर तब माना जाता है, जब न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है या सामान्य तापमान से इसका अंतर 6.4 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो जाता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।