1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. शीश महल-2 पर सियासी संग्राम, बीजेपी ने केजरीवाल पर निजी खर्च के लगाए आरोप, AAP ने किया पलटवार

शीश महल-2 पर सियासी संग्राम, बीजेपी ने केजरीवाल पर निजी खर्च के लगाए आरोप, AAP ने किया पलटवार

 Published : Apr 25, 2026 02:36 pm IST,  Updated : Apr 25, 2026 02:36 pm IST

अरविंद केजरीवाल एक बार फिर मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। बीजेपी ने उनपर लोधी एस्टेट में आवंटित नए बंगले में निजी खर्च का आरोप लगाया है।

Parvesh verma- India TV Hindi
प्रवेश वर्मा Image Source : PTI

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने लोधी एस्टेट में आवंटित नए बंगले को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर शनिवार को निशाना साधा और इसे 'शीशमहल-2' करार देते हुए आरोप लगाया कि इसमें सुविधाएं तैयार करने के लिए निजी धन खर्च किया गया। 'आप' ने इस आरोप से इनकार करते हुए इसे गलत बताया है। 

 ऐशो-आराम से रहने के आदी हो चुके केजरीवाल-वर्मा

दिल्ली के लोक निर्माण विभाग मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने बीजेपी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि केजरीवाल ऐशो-आराम से रहने के आदी हो चुके हैं। वर्मा ने कहा, ''दिल्ली के 'धुरंधर' मतदाताओं ने जब उन्हें शीशमहल से बाहर कर दिया तो वह पंजाब चले गए जहां उन्होंने एक बंगले पर कब्जा कर लिया और अब उन्होंने लोधी एस्टेट में शीशमहल-2 तैयार कर लिया है।'' मंत्री ने राष्ट्रीय पार्टी 'आप' के प्रमुख के तौर पर केजरीवाल को केंद्र द्वारा आवंटित 'टाइप-7' बंगले की तस्वीरें दिखाते हुए कहा कि केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) बंगलों पर इतना पैसा खर्च नहीं करता। उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें उच्च गुणवत्ता वाली सुविधाएं तैयार करने के लिए ''निजी धन'' खर्च किया गया।उन्होंने 'आप' और केजरीवाल से सवाल किया कि बंगले पर कितना पैसा खर्च किया गया तथा यह धन कहां से आया। 

आप ने बीजेपी पर किया पलटवार

इस बीच, 'आप' नेता आतिशी ने कहा कि वर्मा द्वारा जारी तस्वीरें फर्जी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''प्रवेश वर्मा द्वारा जारी कि गईं सारी तस्वीरें फर्जी हैं। वे केजरीवाल के घर की तस्वीरें नहीं हैं।'' उन्होंने कहा, ''किसका घर कितना आलीशान है, इसका पता करने के लिए (मुख्यमंत्री) रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल साहिब अपना-अपना घर खोल दें तथा केजरीवाल अपना घर खोल देंगे। जनता खुद तय कर लेगी।'' 

भाजपा ने सिविल लाइंस स्थित 6, फ्लैगस्टाफ रोड बंगले को 'शीशमहल' करार दिया था, जहां दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में केजरीवाल सितंबर 2024 तक रहे थे। भाजपा ने उस बंगले के पुनर्निर्माण और भव्य साज-सज्जा एवं घरेलू सामान की खरीद में कथित वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया था। वर्मा ने कहा कि केजरीवाल का नया आवास 95, लोधी एस्टेट में है, जहां वह अब रह रहे हैं। इसमें पांच शयनकक्ष और चार बैठक कक्ष हैं। 

उन्होंने दावा किया कि इसमें लुटियंस दिल्ली के किसी भी अन्य बंगले, यहां तक कि कांग्रेस और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) जैसे अन्य दलों के नेताओं के बंगलों से भी बेहतर सुविधाएं हैं। पिछले साल विधानसभा चुनाव में नयी दिल्ली सीट से केजरीवाल को हराने वाले वर्मा ने आरोप लगाया कि 'आप' के भ्रष्टाचार के कारण ही शुक्रवार को उसके सात राज्यसभा सदस्यों ने पार्टी छोड़ दी।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।