1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. केजरीवाल की गिरफ्तारी पर कुमार विश्वास का बड़ा रिएक्शन, लिखा-"जो जस करहि सो तस फल चाखा"

केजरीवाल की गिरफ्तारी पर कुमार विश्वास का बड़ा रिएक्शन, लिखा-"जो जस करहि सो तस फल चाखा"

 Published : Mar 21, 2024 10:26 pm IST,  Updated : Mar 21, 2024 10:26 pm IST

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद कभी केजरीवाल के सबसे पुराने और मजबूत साथी रहे कवि कुमार विश्वास ने बड़ा तंज कसा है। कुमार विश्वास ने श्री रामचरित मानस की एक चौपाई के माध्यम से केजरीवाल का नाम लिए बिन उन पर हमला किया।

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर कुमार विश्वास का रिएक्शन।- India TV Hindi
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर कुमार विश्वास का रिएक्शन। Image Source : FILE

दिल्ली शराब घोटाला मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर कभी उनके भरोसेमंद साथी रहे कुमार विश्वास ने बड़ा तंज कसा है। कवि कुमार विश्वास ने केजरीवाल का नाम लिए बिना श्रीराम चरित मानस की एक चौपाई के माध्यम से उनकी गिरफ्तारी को जायज ठहराया है। उन्होंने अपने एक्स पर लिखे पोस्ट में कहा कि " कर्म प्रधान विश्व रचि राखा। जो जस करहि सो तस फल चाखा।।" यानि विश्व में कर्म प्रधान है, यहां जो जैसा करता है, उसे वैसा ही फल मिलता है। बता दें कि दिल्ली की शराब नीति घोटाले में अरविंद केजरीवाल का नाम भी सामने आ रहा था। उन्हें गिरफ्तार करने से पहले ईडी ने 9 बार समन भेजा था। मगर वह ईडी के सामने पेश नहीं हो रहे थे। 

आज देर शाम गिरफ्तार होने से पहले भी अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था और अपील की थी कि कोर्ट उन्हें गिरफ्तारी से बचाने के लिए संरक्षण दे। मगर दिल्ली हाईकोर्ट ने इस मामले में केजरीवाल को गिरफ्तारी से बचाने का संरक्षण देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद ही ईडी की टीम देर शाम केजरीवाल के आवास पर पहुंच गई। केजरीवाल के घर पर ईडी की टीम ने पहले 2 घंटे तक उनसे पूछताछ की। मगर ईडी के अनुसार केजरीवाल सवालों का जवाब नहीं दे रहे थे। इसलिए अंततः उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। 

अन्ना आंदोलन के समय कुमार विश्वास थे केजरीवाल के राइट हैंड

केजरीवाल की गिरफ्तार के बाद तगड़ा तंज कसने वाले कवि कुमार विश्वास कभी अरविंद केजरीवाल के पक्के साथी थे। देशव्यापी अन्ना आंदोलन के समय कुमार विश्वास को केजरीवाल का राइट हैंड कहा जाता था। वह मंच का संचालन करने से लेकर आंदोलन की रणनीति बनाने तक में और मीडिया को साधने में माहिर खिलाड़ी थे। मगर बाद में किसी बात को लेकर केजरीवाल और कुमार विश्वास में मतभेद हो गया। लिहाजा कुमार विश्वास ने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया। पहली बार केजरीवाल के कहने पर कुमार विश्वास 2014 के लोकसभा चुनाव में अमेठी से राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ने भी गए थे। मगर उन्हें सिर्फ 25 हजार मत हासिल हुए थे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।