1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के सरिता विहार में लोहे की रॉड से बुजुर्ग को सड़क पर बुरी तरह पीटा, वीडियो वायरल

दिल्ली के सरिता विहार में लोहे की रॉड से बुजुर्ग को सड़क पर बुरी तरह पीटा, वीडियो वायरल

 Reported By: Kumar Sonu, Edited By: Mangal Yadav
 Published : Oct 25, 2025 11:43 am IST,  Updated : Oct 30, 2025 01:33 pm IST

दिल्ली के सरिता विहार में युवक ने बुजुर्ग को लोहे की रॉड से बुरी तरह हमला कर दिया। घायल बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। फिलहाल आरोपी फरार है।

बुजुर्ग पर लोहे की रॉड से हमला- India TV Hindi
बुजुर्ग पर लोहे की रॉड से हमला Image Source : REPORTER

नई दिल्ली: दिल्ली के सरिता विहार में सड़क पर एक बुजुर्ग को एक युवक ने बुरी तरह से पीटा। पुलिस ने शनिवार को बताया कि दिल्ली के आली एक्सटेंशन में सड़क पर एक शख्स ने बुजुर्ग पर बुरी तरह हमला किया। यह घटना शुक्रवार को हुई, जिसमें पीड़ित बुरी तरह घायल हो गया, जिसके बाद उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि पीड़ित और आरोपी की पहचान रघुराज सिंह और मोहित के तौर पर हुई है। फिलहाल, पीड़ित की हालत स्थिर है।

जानकारी के अनुसार, सरिता विहार के आली गांव के रहने वाले रघुराज सिंह अपनी कार से ऑफिस जा रहे थे। जब वह मथुरा रोड के पास आली एक्सटेंशन पहुंचे, तो मोहित अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल पर आया और सिंह की कार के पास रुक गया। फिर उसने कार का शीशा तोड़ दिया और रघुराज पर लोहे की रॉड से हमला किया। कुछ राहगीरों ने बीच-बचाव करने और मोहित को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह लोहे की रॉड से हमला करता रहा।

पुलिस ने बताया कि उसके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे अपोलो हॉस्पिटल ले जाया गया, साथ ही मोहित के खिलाफ केस भी दर्ज कर लिया गया है। इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है। इंडिया टीवी डिजिटल वीडियो की सच्चाई की पुष्टि नहीं करता। 

यहां देखें वीडियो

मोहित ने रघुराज सिंह पर हमला क्यों किया?

मोहित, ज्ञानचंद नाम के एक व्यक्ति का बेटा है, जो दिल्ली के सरिता विहार के आली गांव का रहने वाला है। कुछ साल पहले, उसने आली एक्सटेंशन में एक प्लॉट खरीदा था। बाद में, उसने प्लॉट पर एक घर बनाया, लेकिन हाल ही में दिल्ली डेवलपमेंट अथॉरिटी (DDA) ने उसे गिरा दिया। पुलिस ने कहा कि मोहित का मानना ​​है कि रघुराज सिंह ने ही उसके खिलाफ DDA में शिकायत की थी, जिसके बाद घर गिराने की कार्रवाई की गई।

पुलिस ने अब भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(2), 126(2), 351(2)(3) और 3(5) के तहत FIR दर्ज की है और मोहित और उसके साथी को गिरफ्तार करने के लिए तलाश शुरू कर दी है। उसके साथी की पहचान भी की जा रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।