1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. लॉकडाउन के पहले 4 हफ्तों में 8 लाख से ज्यादा प्रवासियों ने छोड़ी दिल्ली, सरकारी रिपोर्ट से खुलासा

लॉकडाउन के पहले 4 हफ्तों में 8 लाख से ज्यादा प्रवासियों ने छोड़ी दिल्ली, सरकारी रिपोर्ट से खुलासा

 Written By: Bhasha
 Published : May 22, 2021 07:01 pm IST,  Updated : May 22, 2021 07:02 pm IST

कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर को फैलने से रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन के पहले चार हफ्ते में राष्ट्रीय राजधानी से आठ लाख से अधिक प्रवासी अपने गृह राज्यों के लिए रवाना हो चुके हैं। यह जानकारी दिल्ली परिवहन विभाग की एक रिपोर्ट में दी गई।

लॉकडाउन के पहले 4 हफ्तों में 8 लाख से ज्यादा प्रवासियों ने छोड़ी दिल्ली, सरकारी रिपोर्ट से खुलासा- India TV Hindi
लॉकडाउन के पहले 4 हफ्तों में 8 लाख से ज्यादा प्रवासियों ने छोड़ी दिल्ली, सरकारी रिपोर्ट से खुलासा Image Source : PTI

नई दिल्ली: कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर को फैलने से रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन के पहले चार हफ्ते में राष्ट्रीय राजधानी से आठ लाख से अधिक प्रवासी अपने गृह राज्यों के लिए रवाना हो चुके हैं। यह जानकारी दिल्ली परिवहन विभाग की एक रिपोर्ट में दी गई। रिपोर्ट में बताया गया कि 19 अप्रैल से 14 मई के बीच आठ लाख सात हजार 32 प्रवासी कामगार दिल्ली से बसों से अपने गृह राज्यों के लिए रवाना हुए। 

रिपोर्ट के अनुसार, इनमें से 3,79,604 प्रवासी लॉकडाउन के पहले हफ्ते में रवाना हुए। इसके बाद से इस संख्या में कमी आई और दूसरे हफ्ते में 2,12,448 प्रवासी जबकि तीसरे हफ्ते में 1,22,490 और चौथे हफ्ते में 92,490 यात्री अपने घरों को रवाना हुए।

रिपोर्ट में बताया गया, ‘‘करीब आठ लाख प्रवासियों को बिना दिक्कत के उने घरों तक पहुंचने के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सरकार ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सहित पड़ोसी राज्यों के परिवहन अधिकारियों के साथ समय रहते समन्वय किया।’’ 

इसमें बताया गया कि लॉकडाउन के पहले चार हफ्ते के दौरान बसों ने 21,879 अंतरराज्यीय फेरे लगाए। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पहले 19 अप्रैल को लॉकडाउन लगाया जिसे कई बार बढ़ाया गया और अंतिम बार इसे 16 मई को बढ़ाया गया। 

इसमें बताया गया कि वर्तमान लॉकडाउन में प्रवासियों ने ‘‘रेलगाड़ी से यात्रा’’ को तरजीह दी क्योंकि इस वर्ष लॉकडाउन के दौरान रेलगाड़ियों का संचालन जारी था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।