दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में गुरुवार (10 अप्रैल) को अतीक अहमद नाम के एक व्यक्ति के बेटे गोली मार दी गई। गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्झ कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, घायल युवक को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और आगे की जांच जारी है। हालांकि, जिस अतीक अहमद के बेटे को गोली मारी गई है, उसका यूपी के माफिया अतीक अहमद से कोई संबंध सामने नहीं आया है।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि 10 अप्रैल को रात करीब 10 बजे थाना दयालपुर में फायरिंग की घटना की सूचना मिली। सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम तुरंत गली नंबर 15, मुस्तफाबाद में पहुंची, जहां फोन करने वाले अतीक अहमद ने बताया कि उनके बेटे मेहराज (25 वर्ष) को कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी है। इस घटना में मेहराज घायल हो गया और उसे गुरु तेग बहादुर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
दिल्ली पुलिस ने थाना दयालपुर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1)/3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 27/54/59 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। सहायक पुलिस आयुक्त गोकुलपुरी और स्टेशन हाउस ऑफिसर दयालपुर मौके पर मौजूद हैं। क्राइम टीम और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर रही है। आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए टीमें लगाई गई हैं। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि आगे की जांच जारी है।
19 साल की लड़की को मारा चाकू
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के किरबी प्लेस बस स्टॉप इलाके में एक व्यक्ति ने 19 वर्षीय युवती पर सरेआम कई बार चाकू से हमला किया। सोमवार को एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि 20 वर्षीय युवक ने बाद में उसी चाकू से खुद को भी घायल कर लिया। रविवार रात करीब 9.30 बजे एक राहगीर ने पुलिस को मामले की सूचना दी। अधिकारी ने बताया, "लड़की की गर्दन और पेट के बाएं हिस्से में गंभीर चोटें आई हैं। घटनास्थल से चाकू बरामद किया गया है। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है।" पूछताछ में पता चला कि आरोपी अमित और पीड़ित लड़की पिछले साल से दोस्त थे और किसी बात को लेकर उनके बीच मनमुटाव हो गया था। अधिकारी ने बताया, "दोनों को डीडीयू अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है। आरोपी अमित के खिलाफ दिल्ली कैंट थाने में बीएनएस की धारा 109(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।" इस बीच, कथित तौर पर घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। 45 सेकंड की क्लिप में पुरुष और महिला खून से लथपथ हालत में सड़क के डिवाइडर पर बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं और उनके चारों ओर राहगीरों की भीड़ जमा है। (इनपुट- एएनआई/पीटीआई)