Saturday, January 17, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली चुनाव में कूदे नायब सिंह सैनी, दिल्लीवासियों से की अपील, बोले- AAP को यमुना पार खदेड़ दें

दिल्ली चुनाव में कूदे नायब सिंह सैनी, दिल्लीवासियों से की अपील, बोले- AAP को यमुना पार खदेड़ दें

दिल्ली में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर 5 फरवरी को मतदान होना है। इस बीच हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने दिल्ली की जनता से अपील की है। उन्होंने आरोप किया कि आप सरकार वादों को पूरा कर पाने में विफल रही है। दिल्ली की जनता उन्हें यमुना के पार खदेड़ दे।

Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
Published : Jan 22, 2025 06:46 am IST, Updated : Jan 22, 2025 07:20 am IST
Nayab Singh Saini jumped into the Delhi assembly election 2025 appealed to the people of Delhi said - India TV Hindi
Image Source : PTI दिल्ली चुनाव में कूदे नायब सिंह सैनी

दिल्ली में जोरों-शोरों से विधानसभा चुनाव की तैयारियां हो रही हैं। 5 फरवरी को मतदान किया जाएगा। वहीं 8 फरवरी को चुनाव के परिणाम घोषित होंगे। इस बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है और दिल्लीवासियों से अपील की है कि आम आदमी पार्टी को दिल्ली के मतदाता यमुना के पार खदेड़ दें। नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को भाजपा के लिए चुनाव प्रचार करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी अपने चुनावी वादों को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने लोगों से अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी को यमुना पार खदेड़ देने का आग्रह किया है। सैनी ने मध्य दिल्ली के राजिंदर नगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए लोगों से अपील की।

नायब सिंह सैनी ने आम आदमी पार्टी पर साधा निशाना

पिछले साल एक कोचिंग संस्थान के बेसमेंट में पानी भरने से सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने वाले तीन अभ्यर्थियों की मौत हो गई थी, जिसके बाद यह क्षेत्र काफी चर्चा में रहा था। जनसभा में आप नीत सरकार पर हमला करते हुए सैनी ने आरोप लगाया कि वह अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है। सैनी ने कहा, ‘‘उन्होंने स्वच्छ पानी का वादा किया था, लेकिन लोग गंदे पानी से जूझ रहे हैं। केजरीवाल ने दिल्ली को पेरिस जैसा बनाने का वादा किया था, लेकिन शहर की सड़कें खस्ता हालत में हैं। वह पिछले 10 वर्षों में अपने वादों को पूरा करने में विफल रहे हैं।’’ पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए सैनी ने कहा कि आप सुप्रीमो तिहाड़ से ‘‘छुट्टी’’ पर बाहर आए हैं और चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद जेल लौट आएंगे। केजरीवाल दिल्ली शराब नीति से जुड़े मामले में जमानत पर बाहर हैं। 

अरविंद केजरीवाल ने कही ये बात

सैनी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी ने एक बयान में कहा, ‘‘दिल्ली के लोग इस तरह की घृणित बयानबाजी को खारिज करते हैं। वे एक ईमानदार सरकार के साथ खड़े हैं।’’ दिल्ली में विधानसभा चुनाव पांच फरवरी को होंगे और मतगणना आठ फरवरी को होगी। वहीं मंगलवार को मतदाताओं को आगाह करते हुए आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने मतदाताओं को आगाह करते हुए दावा किया कि भाजपा के सत्ता में आने पर 6 घंटे की बिजली कटौती फिर से शुरू हो जाएगी। आदर्श नगर निर्वाचन क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने अपने नेतृत्व में दिल्ली में बदलाव का उल्लेख किया। बिजली आपूर्ति के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘आज दिल्ली को 24 घंटे बिजली मिलती है। 10 साल पहले, छह घंटे बिजली कटौती होती थी। भाजपा 20 राज्यों में सत्ता में है, फिर भी उनमें से कहीं भी 24 घंटे बिजली नहीं मिलती है।’’

(इनपुट-भाषा)

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement